गाजियाबाद : बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र को बनाया डलावघर, नगर निगम का स्टाफ रोजाना डाल रहा कचरे की गाड़ियां

गाजियाबाद। नगर निगम के स्टाफ ने इन दिनों बुलंदशहर रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र को डलावघर में तब्दील कर दिया है। यहां कूड़े की दर्जनों गाड़ियां कर्मचारी अनलोड करके चले गए हैं। ऐसा किसके निर्देश पर हो रहा है, यह कर्मचारी भी नहीं बताते। इतना जरूर है कि इस हरकत से इंडस्ट्रीयल एरिया के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बुलंदशहर रोड पर इंड्रस्ट्रीयल एरिया ग्रीन बेल्ट है। केवल आसपास की बात करें तो यहां तकरीबन 20 से 25 फैक्ट्रियां हैं, जिनमें विभिन्न उत्पाद बनते हैं। जबकि इसके अलावा भी यहां तमाम फैक्ट्रियां मौजूद हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिन से यहां नगर निगम का स्टाफ कचरे की गाड़ी लाता है और उसे अनलोड करके चला जाता है। कुछ लोगों ने इनसे पूछना भी चाहा कि आखिरकार किसके कहने पर ऐसा किया जा रहा है तो स्टाफ कोई जवाब दिए बगैर वहां से खिसक लिया।

लग गए कचरे के ढेर
ग्रीन बेल्ट वाले इस एरिया में मौजूदा वक्त में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। इनसे उठती दुर्गंध के कारण वहां से फैक्ट्री संचालकों समेत स्टाफ के लोगों का निकलना दूभर होता जा रहा है। आलम यह है कि दुर्गंध अब फैक्ट्रियों तक पहुंचने लगी है, इससे वहां काम करने वाला स्टाफ और ज्यादा परेशान है।

गर्मी में बढ़ेगी दिक्कत
इलाकाई लोगों के मुताबिक अभी मौसम सामान्य है तो इतनी ज्यादा दिक्कत है। जबकि नगर निगम स्टाफ का यही रवैया रहा तो आने वाले दिनों में तेज गर्मी में इसी कचरे के कारण मच्छर पनपेंगे और बीमारियां पैर पसारने लगेंगी। इलाकाई लोगों ने नगर निगम प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग भी उठाई है।

Exit mobile version