आशा वर्कर की रेप के बाद हत्या, मौके पर मिली युवक की एक चप्पल

झांसी। आशा वर्कर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश गेंहू के खेत में पड़ी मिली। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। परिजनों ने रेप की आशंका भी जताई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटना शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

आशा वर्कर की उम्र करीब 40 साल थी। वह शाहजहांपुर के एक गांव की रहने वाली थी। उसके चचेरे देवर ने बताया, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे भइया-भाभी खेत पर पशुओं के लिए चारा लाने गए। शाम करीब 6 बजे भइया एक गठरी लेकर घर आ गए। जबकि भाभी 2 खेत दूर पड़ोसी के खेत में चारा काटने चली गईं।

गले पर चोट के निशान
इस दौरान खेत पर भाभी अकेली थीं। उन्हें चारा की गठरी लेकर शाम 7 बजे तक घर आना था, लेकिन वे घर नहीं पहुंची। तब उनके पति, ससुर और अन्य परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। रात करीब 9 बजे खेत के अंदर भाभी की लाश मिली। पूरे कपड़े अस्त-व्यस्त थे। जीभ बाहर निकली थी और गले पर चोट के निशान थे। शक है कि रेप के बाद भाभी की हत्या की गई है। उनका सोने का आभूषण भी गायब है।

काफी देर तक हुआ संघर्ष
खेत के अंदर शव के पास खुरपी मिली है। पास में ही एक चप्पल मिली, जो किसी युवक की लग रही है। मौके के हालात देखकर लग रहा है कि आशा वर्कर और आरोपियों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ है। शव के पास पैर के काफी निशान हैं। मिट्‌टी अस्त-व्यस्त है।

Exit mobile version