हल्द्वानी हिंसा : सीएम ने लिया हालात का जायजा, शांति की अपील

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वनभूलपुरा में हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए हलद्वानी पहुंचे और अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेश के क्रम में अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। वहां पर सुनियोजित तरीके से प्रशासन के लोगों पर हमला हुआ। जान से भी मारने की कोशिश की गई। सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। जिन्होंने ये गलत काम किया है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह भी कहा कि अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला हुआ है। कल हमारी महिलाकर्मियों को मारा पीटा गया है। पत्थरों और बंदूकों से उन पर हमला किया है। इसके बारे में जितना खराब कहा जाए वे कम है। उत्तराखंड देवभूमि है यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है। इन्होंने देवभूमि की हवा खराब करने का काम किया है। पत्रकारों के साथ भी मारपीट हुई है। बुरी तरह से उनके कैमरे तोड़े गए हैं। पत्रकारों को जिंदा आग में झोंकने तक का प्रयास किया गया है। उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि हमने यहां बैठक की और स्थिति का पूरा निरीक्षण किया। सरकार का भी यही विचार है कि शांति व्यवस्था बहाल की जाएगी। जो देश का कानून है वो लागू किया जाएगा। जल्द से जल्द हल्द्वानी में स्थिति सामान्य की जाएगी। मेरा सभी नागरिकों से अपील है कि वह कोई भी अफवाह न फैलाएं और शांति बनाए रखें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वाले लोगों पर भी प्रशासन अधिकार बनाए हुए है।कानून अपना काम करेगा। जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्ति जलाई है उनपर कार्रवाई की जाएगी।

24 घंटे में सामान्य करेंगे हालात
डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि मुख्य सचिव, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के साथ मैंने यहां पर सबसे पहले बैठक की और उसके बाद हिंसा में घायल हुए लोगों से अस्पताल में मुलाकात की। फिर हमने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन से मिले फीडबैक के बाद हमारी दो प्राथमिकताएं हैं। 24 घंटे के भीतर हल्द्वानी शहर में सामान्य स्थिति बहाल करना और दूसरा- सभी उपद्रवियों की पहचान करना और उनके खिलाफ कार्रवाई करना है।

Exit mobile version