केजरीवाल से दुश्मनी है पर जनता के बच्चों को बख्श दो

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राजधानी के सेक्टर-41, रोहिणी, किरारी में दो नए स्कूल भवनों के आधारशिला कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और उन्होंने कहा कि आज तो पवित्र दिन है आज तो कम से कम गंदी राजनीति मत कीजिए। आपको केजरीवाल से दुश्मनी है, आप जनता के बच्चों से तो दुश्मनी न करो। इनके बच्चों को शिक्षा मिलने वाली है। इस मौके पर तो गंदी हरकत मत कीजिए।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि यह जो मर्जी षड्यंत्र कर लें हमारे खिलाफ कुछ नहीं होने वाला। मैं भी डटा हुआ हूं इनके खिलाफ। मैं भी झुकने वाला नहीं। वे हमें कहते हैं कि भाजपा में शामिल हो जाओ, आपको छोड़ देंगे। मैंने कहा कि मैं भाजपा में शामिल नहीं होऊंगा। हमने कुछ भी गलत नहीं किया है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि बीजेपी में चले जाओ तो सारे खून माफ हमने क्या गलत किया है? स्कूल ही तो बनवा रहे हैं,सड़कें ही तो बनवा रहे हैं,पानी का इंतजाम कर रहे, सीवर लाइन सही करा रहे हैं, कौन सा गलत काम किया है हमने? कहा कि सारी एजेंसी को हमारे पीछे छोड़ दिया गया है। सभी लोगों ने हमारे खिलाफ षड़यंत्र किए, लेकिन हमने काम करना नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को चाहे जेल में डाल दो, हम स्कूल व अस्पताल बनाते रहेंगे। केंद्र सरकार पूरे देश के लिए शिक्षा का बजट चार प्रतिशत खर्च कर रही है, जबकि दिल्ली सरकार 40 प्रतिशत बजट खर्च करती है।

झूठ के महारथी हैं केजरीवाल : सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जब सच जूते पहने रहा होता तब तक एक झूठ आधी दुनिया की सैर कर चुका होता है। वही अरविंद केजरीवाल का हाल है झूठ बोलने में उन्हें महारथ हासिल है। भ्रष्टाचार चोरी में उलझ के रह गए हैं अरविंद केजरीवाल, वरना दिल्ली में सरकार चलाना इतना मुश्किल नहीं था। आपने चोरी की है भ्रष्टाचार किया है तो आप कुछ भी अनाप शनाप बोलते हैं। जांच एजेंसी अपना काम कर रही है। सच सबके सामने आएगा और दिखेगा।

Exit mobile version