खुद की शादी में नशे में धुत होकर नाचा दूल्हा, बेसुध हुआ तो दुल्हन ने किया शादी से इंकार

फतेहपुर। अपनी शादी में दूल्हे ने पहले तो जमकर शराब पी। जबकि इसके बाद जमकर नाचा भी। इतना ही नहीं बेहोश होकर गिरने के बाद भी रातभर यही बड़बड़ाता रहा कि आज मेरे यार की शादी है। वहीं दुल्हन ने इस शादी से इंकार कर दिया।

मामला थरियांव थाना क्षेत्र का है। सेमरइया गांव में गुरुवार रात करीब 9 बजे बैंड-बाजा के साथ बारात आई थी। यह बारात गाजीपुर थाना क्षेत्र के दरौली गांव के रहने वाले शेरा सिंह के बेटे कमल सिंह (30) की थी। सभी रस्में विधि-विधान के साथ चल रही थीं। जनवासे में ठहरने और नाश्ता-पानी की व्यवस्था की गई थी। जनवासे से बारात जब दुल्हन के घर पर पहुंची, तो यहां अगवानी की रस्म अदा होने लगी। इसी बीच दूल्हा कमल सिंह गाड़ी से उतरा और डांस करने लगा। नशे में धुत कमल सिंह ने जमीन पर गिरकर नागिन डांस भी किया। इसके बाद गांव वालों को पता चला कि उसने शराब पी हुई है। इधर, डांस करते-करते कमल सिंह नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया। इस घटना के बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया। बवाल की स्थिति को भांपते हुए आधे से ज्यादा बाराती रात में ही गांव छोड़कर चले गए। मौके पर मौजूद दूल्हे के रिश्तेदार उसके दोस्तों पर आरोप लगाते हुए मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करते रहे। इधर, जब यह बात दुल्हन को पता चली, तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

खर्चा देकर निपटा मामला
वहीं, थाना प्रभारी रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि अपनी ही बारात में दूल्हा शराब पीकर बेहोश हो गया था। लड़की ने शादी से इनकार कर दिया है। दोनों पक्ष के बीच दोपहर तीन बजे समझौता हो गया है।

Exit mobile version