चंदीगढ़ चुनाव बना गवाह, गड़बड़ी से जीतती है भाजपा: केजरीवाल

नई दिल्ली। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली के आरोप को लेकर आम आदमी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अक्सर आरोप लगते थे कि भाजपा चुनाव में गड़बड़ करके जीतती है। हम सुना करते थे कि भाजपा फर्जी वोट पड़वाती है लेकिन कभी सबूत नहीं मिला। चंडीगढ़ का चुनाव दिखाता है कि इनके (भाजपा) पाप का घड़ा भर गया था। जब पाप का घड़ा भर जाता है तो प्रकृति अपनी झाड़ू चलाती है।

आपको बता दें कि आज सुबह भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा था कि पहले उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट लूटे। अब इसके खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए आ रहे लोगों को पूरी दिल्ली में रोका जा रहा है। आखिर इतना डर किसलिए है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यह भी कहा कि भाजपा विपक्ष की चुनी हुई सरकारों को खत्म करने की कोशिश कर रही है और विपक्ष के नेताओं को खत्म करने की कोशिश कर रही है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा बस चले तो चुनाव ही न होने दें और अगर कोर्ट के जरिए हमने चुनाव करवा भी लिए तो उसका निर्णय ऐसे ही होगा। फिर इतना पैसा क्यों खर्च किया जाता है? देश में चुनाव करवाने के लिए सीधा ही तानाशाही करार कर दी जाए। अगर 2024 में किसी तरह ये (भाजपा) आ गए तो नरेंद्र मोदी का नाम नरेंद्र मोदी नहीं रहेगा बल्कि नरेंद्र पुतिन बन जाएगा।

बीजेपी डरी इसीलिए प्रदर्शन रोका
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह से भाजपा की चोरी एक छोटे से मेयर चुनाव में दिख गई। अब भाजपा परेशान है क्योंकि उनकी चोरी पकड़ी गई। इसलिए जो शांतिपूर्ण प्रदर्शन था उसे रोकने के लिए जगह-जगह विधायकों, पार्षदों को हिरासत में लिया गया है और प्रदर्शन रोका जा रहा है।

डर रही है बीजेपी
दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में ऐसा पहली बार हो रहा है कि एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को कोने-कोने पर लगाया गया है। लोकतंत्र के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं ़हुआ है। पुलिस का कोई भी अधिकारी इस पर जवाब देने को तैयार नहीं है। भाजपा को आखिर इतना डर क्यों लग रहा है? चंडीगढ़ में वो नंगा सच देश के लोगों के सामने आ गया है। जिससे भाजपा डर रही है।

Exit mobile version