रामलला को भेजा चार क्विंटल का ताला, अलीगढ़ के कारीगर ने किया तैयार

अयोध्या। रामलला के विराजने से पहले अलीगढ़ से एक ताला अयोध्या पहुंचा है। दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा ताला है। चार क्विंटल वजन वाले इस ताले के अयोध्या पहुंचने पर लोगों ने स्वागत किया। क्रेन की मदद से ताला यहां पहुंचा है। अलीगढ़ के एक ताला कारीगर ने यह ताला बनाकर भेजा है।

अलीगढ़ से पांच लोग ताला मैजिक वाहन से लेकर अयोध्या पहुंचे। यहां क्रेन से ताला उतरवाया गया। इसके बाद महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती ने अखिल भारती धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी और आरएसएस के सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल को ताला और चाबी सौंपी। ताले का उपयोग कहां होगा, यह फिलहाल तय नहीं हुआ है।

सत्यप्रकाश ने बनाया है ताला
इस ताले को अलीगढ़ के कारीगर सत्यप्रकाश शर्मा ने बनाया था। उनका 12 दिसंबर, 2023 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। 10 फीट लंबे और 4 फीट चौड़े इस ताले की मोटाई 9.5 इंच है। 4 फीट लंबी इसकी चाबी 30 किलो की है। इस ताले को बनाने में करीब 2.5 लाख रुपए का खर्च आया है।

प्राण प्रतिष्ठा से 41 दिन पहले मौत
सारी उम्र ताला बनाकर गुजर बसर करने वाले सत्यप्रकाश की एक ही इच्छा थी कि श्रीराम मंदिर के उद्घाटन के समय वह मंदिर को ताला भेंट करें। लेकिन प्राण प्रतिष्ठा से 41 दिन पहले ही उनकी मौत हो गई।

Exit mobile version