गाजियाबाद। मजदूरी से वापस लौटते वक्त मजदूरों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन घायल हो गए। विवाद बंगाल और सहारनपुर के मजदूरों के बीच हुआ था। भी मजदूर दिल्ली सहारनपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में लगे हुए हैं।
एसीपी लोन सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस को जानकारी मिली कि थाना क्षेत्र के पंचलोक गांव में मजदूरों के बीच विवाद हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि 6 मजदूरों को गंभीर चोट लगी है। इन सभी को अस्पताल भिजवाया गया जहां एक मजदूर नदीम की मौत हो गई। यह सभी मजदूर दिल्ली सहारनपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में लगे हैं। बुधवार शाम काम खत्म होने के बाद ट्रैक्टर में बैठने को लेकर बंगाल और सहारनपुर के मजदूरों के बीच विवाद हो गया। जिसमें सहारनपुर के मजदूरों ने बंगाल के मजदूरों को पीट दिया। यह सभी मजदूर थाना क्षेत्र के पंचलोक गांव में रहते हैं। वापस पहुंचने पर बंगाल के मजदूरों ने इकट्ठा होकर सहारनपुर के मजदूरों के साथ मारपीट कर दी। जिसमें 6 लोग घायल हुए जिनको अस्पताल पहुंचाया गया। जहां नदीम नाम के मजदूर की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक एक दर्जन संदिग्ध लोग हिरासत में लिए गए हैं।
कई संदिग्धों से चल रही पूछताछ
पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ये सभी मजदूर हैं। पूछताछ इस लिहाज से की जा रही है ताकि असली हमलावर ही पकड़े जाएं, किसी बेगुनाह के खिलाफ कार्रवाई न हो।