गाजियाबाद। मुंह बोली बहन के साथ घूमना-फिरना युवक को महंगा पड़ गया। एकतरफा प्यार करने वाले सिरफिरे ने युवक को गोली मार दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामला बेहटा हाजीपुर की आंबेडकर कालोनी का है। यहां रहने वाला पंकज उर्फ हनी (20) कॉलोनी की एक लड़की को बहन मानता है। इसी कॉलोनी में सावन और शिवा रहते हैं। शिवा लड़की से एक तरफा प्रेम करता है। उसने कई बार हनी को लड़की के साथ देखा था। उसने हनी को लड़की से दूर रहने की धमकी दी थी। तब भी हनी ने लड़की को अपनी बहन बताया था। बुधवार दोपहर हनी को शिवा, सावन सहित तीन युवक घर से बुलाकर शिव मंदिर परिसर में ले गए। युवकों ने लड़की से दूर रहने बात करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिवा ने चलाई गोली
इस पर वह एक दूसरे को गाली-गलौज करने लगे। शिवा ने तमंचा निकाला गोली चला दी। हनी के भाई प्रवीन कुमार ने बताया कि तमंचे तीनों युवकों के पास थे। शिवा ने हनी को गोली मारी। इसके बाद सभी फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना उन्हें दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि लड़की हनी के साथ कोचिंग भी करती है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के अभी बयान दर्ज किए जाएंगे। अभी उसका उपचार चल रहा है। गोली मारने वाले दोस्त की तलाश की जा रही है।