गाजियाबाद: दिल्ली-यूपी बार्डर पर लगेगी श्रीराम की मूर्ति, रोड को रामपथ मिलेगा नाम

गाजियाबाद। यूपी-दिल्ली बार्डर पर प्रभु श्रीराम की मूर्ति स्थापित की जाएगी। नगर निगम ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। दोनों राज्यों से आने-जाने वाले लोग प्रभु श्रीराम के दर्शन करते हुए गुजरेंगे। जिम्मेदारों का कहना है कि जल्द ही इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि गाजियाबाद के एक मंदिर में साढ़े चार फुट की राम मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। इसे सोचकर हमारे मन में भी ख्याल आया कि क्यों न एक मूर्ति सार्वजनिक स्थान पर स्थापित की जाए, जिससे वो गाजियाबाद की पहचान बन जाए। इसके लिए यूपी बॉर्डर चुना गया है। वैसे योजना बड़ी मूर्ति लगवाने की थी, लेकिन अब इतने कम वक्त में बड़ी मूर्ति तैयार होना संभव नहीं है। लोग जब दिल्ली से गाजियाबाद में एंट्री करेंगे तो उन्हें भगवान राम की इस भव्य मूर्ति के दर्शन हो पाएंगे। इसके अलावा हम यूपी बॉर्डर से इंदिरापुरम जाने वाली रोड का नाम रामपथ रखने जा रहे हैं। 22 जनवरी से ये रोड रामपथ कहलाएगा।

शोभायात्रा भी निकाली जाएगी
मेयर ने बताया, नगर निगम ने गाजियाबाद के करीब 40 मंदिरों को चिह्नित किया है। इन मंदिरों पर साफ-सफाई कराई जाएगी। इन्हें रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। मकर संक्रांति यानि 14 जनवरी से प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन 22 जनवरी तक इन मंदिरों में रोजाना धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा गाजियाबाद में एक भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा के लिए सभी सामाजिक, व्यापारिक संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है। जगह-जगह पुष्पवर्षा होगी। इसका रूट प्लान बनाया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त अरुण यादव को इन सभी कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी बना दिया गया है।

Exit mobile version