पहले पत्नी की गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को गोली से उड़ाया

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में हत्या-आत्महत्या की बड़ी वारदात हो गई। एक शिक्षक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी, जबकि बाद में खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के पीछे दोनों के बीच हुआ घरेलू विवाद बताया जा रहा है।

डिप्टी एसपी स्वेताभ भास्कर ने बताया कि विनय (26) और उसकी पत्नी आंचल शर्मा (24) की कमरे में लाश मिली हैं। दोनों के गोली लगी थी। पति ने पत्नी की हत्या और फिर सुसाइड किया है। फॉरेंसिक जांच के बाद कमरा सील कर दिया है। वारदात मंडी धनौरा थाना इलाके के गांव हलपुरा की बुधवार देर रात की है। विनय के पिता किशोरी लाल निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड हैं। विनय की शादी 6 साल पहले आंचल के साथ हुई थी। मायका नजदीक का पेली तगा गांव है। विनय-आंचल के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी 4 साल, जबकि छोटा बेटा 2 साल का है। विनय कोचिंग सेंटर चलाता था। हालांकि, लॉकडाउन के समय कोचिंग सेंटर बंद हो गया। इसके बाद से विनय घर पर ही रहता था। परिजन ने बताया कि बुधवार रात विनय ने पत्नी आंचल शर्मा और मां सुशीला के साथ चाय पी। इस दौरान आंचल के पिता यानी विनय के ससुर नरेंद्र शर्मा भी आए थे। खाना खाकर किशोरी लाल अपने समधी नरेंद्र शर्मा के साथ घर के बाहर बरामदे में सो गए। तभी विनय ने रात करीब 11 बजे पत्नी की हत्या की। फिर खुद को गोली से उड़ा लिया।

फायर सुनकर दौड़े परिजन
गोली की आवाज सुनकर मां सुशीला की आंख खुल गई। परिजन कमरे की तरफ दौड़े लेकिन दरवाजा बंद था। थोड़ी देर में आसपास के लोग भी पहुंच गए। खिड़की से देखा तो विनय और आंचल लहूलुहान हालत में बेड पर पड़े थे। फिर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से विनय की फाइनेंशियल हालात ठीक नहीं थी। वह शर्मा कोचिंग सेंटर के नाम से कोचिंग चलाता था। वह बंद हो गई थी। इसके चलते पति पत्नी में अक्सर अनबन रहती थी।

पहले होता था आपसी विवाद
मृतक विनय के पिता किशोरी लाल ने बताया कि रात में दोनों ने साथ में बैठकर खाना खाया था। दोनों अपने कमरे में करीब 9.30 बजे सोने चले गए। इसके बाद 11 बजे यह घटना हो गई। दोनों में आपसी विवाद होता रहता था। लेकिन कल रात कुछ नहीं हुआ। डिप्टी एसपी भास्कर ने बताया कि परिवारिक विवाद घटना की वजह है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version