गाजियाबाद: महिला ने रजिस्ट्रार कानूनगो को जड़ा चांटा, छेड़छाड़-अभद्रता का आरोप

गाजियाबाद। मोदीनगर तहसील में महिला ने रजिस्ट्रार कानूनगो सुधीर कुमार को उनके कार्यालय में थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि रजिस्टार कानूनगो ने अभद्रता करते हुए रिश्वत मांगी और छेड़छाड़ की। रजिस्ट्रार कानूनगो को कार्यालय के अंदर थप्पड़ मारने की सूचना मिलने से अफरा-तफरी मच गई। महिला ने रजिस्ट्रार कानूनगो के खिलाफ मोदीनगर थाने में तहरीर दी है। कानूनगो ने भी एक वकील, महिला और उसके पति के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है।

महिला का वसीयत के आधार पर कृषि भूमि की जमीन पर दाखिल-खारिज को लेकर मोदीनगर तहसीलदार में मुकदमा चल रहा है। महिला ने बताया कि वह अपने मुकदमे के संबंध में तहसील परिसर में रजिस्ट्रार कानूनगो के कार्यालय में तैनात कानूनगो के पास जब भी जाती तो वह उसे गुमराह करते। मुकदमे में फैसले का आदेश होने की बाद भी रजिस्ट्रार कानूनगो ने गुमराह करते हुए उससे बात छिपाई। उसके मुकदमे में फैसले का आदेश होने की जानकारी मिली तो उसने 3 जनवरी को आदेश की सत्य प्रतिलिपि लेने के लिए नकद-सवाल डाला। अगले दिन 4 जनवरी को महिला फैसले के आदेश की सत्य प्रतिलिपि लेने तहसील कार्यालय पहुंची तो वहां पर मौजूद रजिस्ट्रार कानूनगो ने रिश्वत की मांग की। छेड़छाड़ और अभद्रता करते हुए उसका हाथ पकड़ लिया। इसी बात से नाराज होकर महिला ने रजिस्ट्रार कानूनगो पर थप्पड़ जड़ दिया।

मच गई अफरातफरी
महिला के रजिस्ट्रार कानूनगो को थप्पड मारने पर तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। महिला के रजिस्ट्रार कानूनगो पर भ्रष्टाचार करने और छेड़छाड़ का आरोप लगाने पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद महिला रजिस्ट्रार कानूनगो के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहते हुए वहां से चली गई। एसडीएम संतोष राय ने बताया कि रजिस्ट्रार कानूनगो के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी

Exit mobile version