ईडी आफिस नहीं जाएंगे केजरीवाल, भाजपा-कांग्रेस ने की घेराबंदी

File Photo

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज ईडी दफ्तर नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस संबंध में ईडी को पत्र लिखा है। पत्र में कहा कि ईडी की जांच में सहयोग करने को तैयार हूं, लेकिन एजेंसी का नोटिस अवैध है। उनका इरादा अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करना है। वे उन्हें चुनाव प्रचार से रोकना चाहते हैं।

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा ईडी के समक्ष पेश न होने पर भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि पहली बार जब अरविंद केजरीवाल घबराए तो उन्होंने चुनाव का बहाना दिया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल दूसरी बार कहा कि मैं विपासना योग के लिए जा रहा हूं। आज ये उम्मीद की जा रही थी कि यदि अरविंद केजरीवाल में थोड़ी भी मर्यादा बची है तो वे जाएंगे और सवालों के जवाब देंगे। दूध का दूध और शराब का शराब हो जाने दीजिए। गौरव भाटिया ने कहा कि जो अरविंद केजरीवाल भारत की राजनीति में ये कहकर आए थे कि किसी पर आरोप लगे तो इस्तीफा दे दो। आपको तो ईडी के पास खुद जाकर खाता-बही दिखाकर साबित करना चाहिए कि आपने कोई भ्रष्टाचार या पाप नहीं किया। अरविंद केजरीवाल को लगता है कि खाता न बही, जो अरविंद केजरीवाल कहें वो ही सही। वे एक चिट्ठी लिखते हैं और ईडी को कहते हैं कि अपना समन वापस लो भ्रष्टाचारी, पापी अरविंद केजरीवाल ईडी को कहते हैं कि अपना समन वापस लो। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो लोग राजनीति में आने से पहले ईमानदारी की दुहाई देते थे, आज सबसे बड़ी बेईमान पार्टी आप बनी है। जिनके कई मंत्री जेल में हैं और अब मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) भ्रष्टाचार के मामले में ईडी के समन को बार-बार नकार कर हाजिर नहीं हो रहे हैं। स्पष्ट दिखता है कि दाल में कुछ काला है या पूरी दाल ही काली नजर आती है।

देश निगाहें लगाए बैठा केजरीवाल को जाना चाहिए
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा यदि के समक्ष पेश न होने पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि ईडी पर भरोसा नहीं किया जा सकता लेकिन ज्यादा बेहतर होता कि अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने जाते। देश निगाहें लगाए बैठा है कि ईडी उनके साथ क्या करती है। अगर अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने नहीं जाते हैं तो ईडी अदालत से वारंट जारी करवाकर उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।

ईडी क्यों नहीं भेज रही जवाब: आतिशी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा ईडी के समक्ष पेश न होने पर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि जब दो बार समन आया तो अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट तौर पर कई सवाल पूछते हुए ईडी को चिट्ठी लिखी। तीन बार चिट्ठी भेजने के बावजूद ईडी ने आज तक अरविंद केजरीवाल के सवालों का जवाब नहीं दिया। ईडी स्पष्ट तौर पर समन में लिखती क्यों नहीं कि क्यों बुलाया जा रहा है? अगर वो सच-सच जवाब देंगे तो उनको ये कहना पड़ेगा कि हमने तो ये समन इसलिए भेजा है क्योंकि हमें भाजपा कार्यालय से आदेश आया था।

Exit mobile version