सांसदों के निलंबन के खिलाफ धरने पर इंडिया, बीजेपी को घेरा

नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन के दलों ने सांसदों के निलंबन के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरना दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी धरनास्थल पर पहुंचे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले संसद भवन में दो-तीन युवा कूदकर अंदर आ गए। उन्हें कूदते हुए हम सबने देखा। वे अंदर आए, उन्होंने थोड़ा धुआं फैलाया, भाजपा के सभी सांसद भाग गए। जो अपने आप को देश भक्त कहते हैं उनकी हवा निकल गई। वे अंदर कैसे आए? संसद के अंदर वे गैस का सिलेंडर ले आए। उन्होंने ये विरोध क्यों किया, उसका कारण क्या था। बेरोज़गारी है इस देश का युवा आज रोजगार नहीं पा सकता है। राहुल गांधी ने कहा हम सब विपक्ष के नेता और विपक्ष के कार्यकर्ता एक साथ खड़े हैं। ये लड़ाई नफरत और मोहब्बत के बीच की लड़ाई है। नफरत के बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। जितनी आप नफरत फैलाओगे। उतना इंडिया गठबंधन मोहब्बत फैलाएगा। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान के उच्च पद पर बैठने वाले लोग कहते हैं कि मेरी जाति के कारण मेरा अपमान किया जा रहा है। अगर आपकी हालत यही है तो मेरे जैसे दलित की हालत क्या होगी। मैं जब सदन में बात करने के लिए उठता था तो उस समय मुझे बोलने का मौका नहीं दिया जाता था। तो मैं क्या कहूं कि ये भाजपा के लोग, भाजपा की सरकार एक दलित को बोलने नहीं दे रही है? क्या मैं ऐसा कहूं।

इतिहास में नहीं हुआ निलंबन
इंडिया गठबंधन के दलों के विरोध पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि दुनिया में लोकतंत्र के इतिहास में किसी भी देश में इतने सांसदों को कभी निलंबित नहीं किया गया है। लोगों को पता होना चाहिए कि हमारा लोकतंत्र खतरे में है। इसलिए हम ये विरोध कर रहे हैं लोगों को यह बताने के लिए कि जो कुछ भी हो रहा है वह देश के भविष्य के लिए गलत है। इसका एक ही समाधान है, लोगों को इस सरकार को बदलना चाहिए और इंडिया अलायंस को सत्ता में लाना चाहिए।

लोकतंत्र की हत्या हो गई है: मनोज झा
इंडिया गठबंधन के दलों ने सांसदों के निलंबन को लेकर राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो गई है। अब लोकतंत्र को पुनर्जीवित करना है। वे प्रधानमंत्री मोदी विदेश जाते हैं तो सीना ठोककर बोलते हैं कि लोकतंत्र की जननी से आया हूं, अब क्या सीना ठोकेंगे प्रधानमंत्री साहब। इंडिया गठबंधन आज पूरे देश में धरना प्रदर्शन कर विरोध जता रहा है।

Exit mobile version