बिक गया सुब्रत राय का सहारा हॉस्पिटल, मैक्स हेल्थकेयर ग्रुप बना मालिक

लखनऊ। लखनऊ का सहारा हॉस्पिटल बिक गया। इसे मैक्स हेल्थकेयर ने 940 करोड़ में लिया है। इससे पहले यह हास्पिटल सहारा ग्रुप का था। ग्रुप के चेयरमैन सुब्रत राय की मौत के 30 दिन के अंदर ही यह डील सामने आई है।

सहारा अस्पताल में 2 लाख मरीज सालाना इलाज के लिए आते हैं। हॉस्पिटल की 17 मंजिला बिल्डिंग 9 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनी हुई है। इसमें 550 बेड है। यहां गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरो, सर्जरी, कार्डियोलॉजी, पल्मोनोलॉजी का इलाज खास तौर पर होता है। परिसर में एक नर्सिंग कॉलेज है। सहारा ग्रुप के मालिक सुब्रत राय सहारा की 14 नवंबर को मुंबई में मौत हुई थी। उनका अंतिम संस्कार लखनऊ में किया गया था। इस डील को लेकर मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड के अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर अभय सोई ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि इस डील से हमें खुशी है। लखनऊ में अपनी उपस्थिति से हमारा लक्ष्य यूपी में लोगों को बेहतर हेल्थ सर्विस उपलब्ध कराना है। लखनऊ का सहारा हॉस्पिटल 12 फरवरी 2009 में शुरू हुआ था। सुब्रत राय की मां छवि राय ने इसका इनॉगरेशन किया था। उस वक्त यह लखनऊ का सबसे बड़ा हॉस्पिटल था। हॉस्पिटल की शुरुआत 250 बेड से हुई थी, जो अब बढ़ते हुए 550 तक पहुंच गई। हालांकि, आज भी एरिया में यह राजधानी का सबसे बड़ा हॉस्पिटल है। धीरे-धीरे लखनऊ में मेदांता और अपोलो जैसे हॉस्पिटल की ब्रांच शुरू हो गई। ऐसे में मरीजों को ट्रीटमेंट के लिए नए ऑप्शन मिल गए।

ये है स्टाफ की स्थिति
मौजूदा वक्त में हॉस्पिटल में 60-70 डॉक्टर हैं। इसके अलावा 65 के करीब इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, 750 से ज्यादा पैरा मेडिकल कर्मचारी और 1200 से ज्यादा हाउस कीपिंग स्टॉफ है। नई डील पर कर्मचारियों पर क्या असर पड़ेगा? इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, सोर्स ने बताया कि सिर्फ मालिकाना हक में बदलाव होगा।

Exit mobile version