गाजियाबाद: श्री दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के मोहित करेंगे श्रीराम की सेवा, चयन हुआ

गाजियाबाद। अयोध्या धाम में बन रहे श्रीराम मंदिर में पुजारी के पद पर गाजियाबाद के महंत भी रहेंगे। श्री दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के मोहित पाण्डेय को इसके लिए चुना गया है। वो अयोध्या के राम मंदिर में पुजारी बनेंगे। वहीं दो आचार्य प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मौजूद रहेंगे।

श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के महंत और श्री पंच दशनाम जूना अखाडा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता नारायण गिरि ने बताया कि दूधेश्वर वेद विद्यापीठ को एक और बडी उपलब्धि हासिल हुई है। श्री दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के विद्यार्थी मोहित पांडे का चयन अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के पुजारी के रूप में हुआ है। मंदिर में भगवान राम की सेवा के लिए पुजारियों की नियुक्ति होनी है। जिसके लिए देश भर से 3000 वेदार्थियों व पुजारियों का इंटरव्यू लिया गया। इंटरव्यू के बाद 50 का चयन राम मंदिर के पुजारी के रूप में किया गया है।

छह महीने का होगा प्रशिक्षण
मोहित पाण्डेय समेत सभी चयनित अभ्यर्थियों को पहले 6 माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद उन्हें भगवान राम की सेवा में नियुक्त किया जाएगा। नारायण गिरि ने कहा कि मोहित का चयन गाजियाबाद ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है। वहीं श्री दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्य तयोराज उपाध्याय व आचार्य नित्यानंद अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल रहेंगे। वे 8 जनवरी से 24 जनवरी तक वेद पाठ करेंगे।

Exit mobile version