गाजियाबाद: धर्मांतरण कराने पर अड़े दबंग, घर में घुसकर पीटा

गाजियाबाद। धर्मांतरण न करने पर एक परिवार को घर में घुसकर पीटा गया। इतना ही नहीं हमलवारों ने घर खाली करके जाने की भी चेतावनी दी है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूरा मामला विजयनगर थाना क्षेत्र की अब्दुल हमीद कॉलोनी का है। यहां की बबीता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बेटे अमन को सलीम ने रास्ते में रोककर कई बार पीटा था। वह लगातार उन पर धर्मांतरण करके अपनी बेटी की शादी उनके बेटे अमन से करना चाहता है। शादी करने से अमन ने साफ इनकार कर दिया। वह भी इस बात से खिलाफ हैं। इसी बात से नाराज होकर सलीम पक्ष के लोग उनके घर में घुस गए और अमन को पीटना शुरू कर दिया। बचाव में आई बबीता को भी पीटा गया। हमलावरों ने घरेलू सामान को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। धमकी दी कि उनकी बात नहीं मानी तो घर छोड़कर यहां से जाना होगा। मामले में उन्होंने विजयनगर थाने में शिकायत दी। इस बारे में एसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि नामजदों से पूछताछ की जा रही है। कुछ कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई गई हैं, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

शादी नहीं की तो रेप के मुकदमे की धमकी
बबीता ने बताया कि यह समस्या उन्होंने सामाजिक लोगों के सामने रखी थी। उस वक्त भी लड़की ने सबके सामने अमन से शादी करने की बात सार्वजनिक रूप से कही। अंत में तय हुआ कि अलग- अलग समुदाय से होने की वजह से उनकी शादी नहीं हो सकती। दोनों के घर भी नजदीक हैं। इसके बावजूद लड़की का उनके बेटे के पास फोन आया, कहा कि उनको उनको अपना धर्म बदलना होगा। ऐसा नहीं किया तो उनके बेटे अमन को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसवा दिया जाएगा। इसके बाद से उनका जीना दुश्वार हो गया है। वह काफी डरे हुए हैं।

Exit mobile version