गाजियाबाद: 22 लाख की चोरी का खुलासा, रिवाल्वर समेत 15 लाख कैश व जेवरात बरामद

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में 18 नवंबर को हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने छह चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी गया लाइसेंसी रिवाल्वर समेत सामान व जेवरात आदि बरामद हुए हैं।

थाना नंदग्राम के मोरटी गांव में रहने वाले रोहित चौधरी के यहां 18 तारीख को चोरी हुई थी। सभी घरवाले शादी में गए हुए थे। रोहित ने पुलिस में इसकी तहरीर दी थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर गाजियाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। गाजियाबाद पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए 6 चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए हुए 15 लाख 27 हजार रूपये, लाइसेंसी रिवाल्वर और 18 तोला सोना भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम सन्नी, उमेश, ललित, पप्पू, मोहित और कबीर है।

22 लाख की हुई थी चोरी
चोरों ने बंद मकान पर धावा बोलकर वहां से 22 लाख कैश के अलावा लाइसेंसी रिवाल्वर, एलईडी और जेवरात पार किए थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया था। वहीं पुलिस के लिए खासकर रिवाल्वर की रिकवरी टेंशन बनी हुई थी।

रैकी के बाद करते हैं वारदात
डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल के मुताबिक इस गिरोह के बदमाश बेहद कम पढ़े लिखे या अनपढ़ है। यह गैंग बंद पड़े मकान की रेकी करता है। उसके बाद मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर अंडर ग्राउंड हो जाया करता था। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Exit mobile version