गाजियाबाद: दूल्हा दूसरी युवती संग भागा तो नहीं आई बारात, मुकदमा

गाजियाबाद। शादी वाले दिन दूल्हा किसी और युवती के साथ भाग निकला। वहीं परिजनों ने लड़की पक्ष से दहेज की डिमांड बढ़ा दी। बारात नहीं आई और दुल्हन के परिवार वाले इंतजार करते रह गए। बाद में मामले की तहरीर पुलिस को दी गई, इसके आधार पर पुलिस ने दूल्हा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी का है। यहां दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष बारात लेकर नहीं आया। दुल्हन पक्ष ने बॉर्डर थाने में दूल्हा समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुल्हन पक्ष ने शादी में अब तक सात लाख रुपये का खर्च आने की बात कही है। लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व बेटी का रिश्ता गुरुग्राम के गढ़ी रऊरपुरा रेलवे स्टेशन टावर कॉलोनी के सन्नी पांचाल से तय किया था। गोद भराई की रस्म से लेकर कई अन्य रस्में हुईं, जिसमें करीब सात लाख रुपये खर्च हुए। सोमवार को गुरुग्राम से बरात आनी थी। आरोप है कि लड़का पक्ष दहेज की मांग करने लगा। लड़की के पिता से करीब पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। समय पर मांग पूरी न होने पर बरात लेकर नहीं आए।

दूल्हा ले गया दूसरी युवती
मुकदमे के मुताबिक लड़के के पिता से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बरात लाने से इंकार कर दिया। लड़की के पिता का आरोप है कि जिस लड़के से शादी होनी थी वह शादी के दिन किसी अन्य लड़की के साथ भाग गया। जबकि यहां सारे प्रबंध धरे रह गए। वैंकट लॉन से लेकर हलवाई आदि को लाखों रुपये एडवांस में दिए जा चुके थे लेकिन बारात न आने से यह रकम भी डूब गई।

जांच जारी, होगी कार्रवाई
कार्यवाहक एसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि परिजन की तहरीर पर सन्नी पांचाल, सुलेख चंद पांचाल, मनीषा, मोनू पांचाल और लड़के की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version