गाजियाबाद: महिला की गला दबाकर हत्या, बेड पर पड़ी मिली लाश

गाजियाबाद। महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। शव के गले में शॉल लिपटी हुई मिली। माना जा रहा है कि गला दबाकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में महिला की बेटी व दामाद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

कविनगर थानाक्षेत्र के चिरंजीव विहार में महिला का शव घर में बेड पर मिला। महिला कुसुम (50) अपने घर पर थीं। जबकि दोनों बेटे अमन व हनी काम पर गए हुए थे। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। क्षेत्र में ही रहने वाली महिला की रिश्ते की बहू दुर्गेश घर आईं तो अंदर महिला का शव कमरे में पड़ा हुआ था। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि महिला के पुत्र अमन की शिकायत पर महिला की पुत्री रचना एवं दामाद टीटू पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।

अंजान पर भी बेटों को शक

बेटों ने पुलिस को बताया कि अगर बहन-बहनोई ने हत्या नहीं की है तो कोई अज्ञात व्यक्ति इस वारदात में शामिल है। क्योंकि उनकी किसी से रंजिश नहीं थी। प्रापर्टी को लेकर बहन से विवाद की बात दोनों भाइयों ने कही है। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। ताकि मौत की असल वजह का पता लग सके।

हर पहलू पर जारी है जांच 

एसीपी ने बताया कि नामजदगी से अलग हटकर अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। नामजदों को हिरासत में लेने की कोशिश की जा रही है। कोशिश यही है कि घटना का सही खुलासा हो और असली कातिल पकड़ा जाए। हत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आया है। उसकी भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version