धरने पर बैठीं यूपी 112 मुख्यालय की महिला कर्मचारी, वेतन बढ़ोत्तरी की मांग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डायल 112 मुख्यालय में आउट सोर्सिंग तैनात महिला कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के प्रदर्शन पर सपा प्रमुख पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है।

डायल 112 में संविदा पर तैनात महिला कर्मचारियों ने सैलरी में बढ़ोतरी की और नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि अब नई कंपनी को इसका ठेका दिया गया है। नई कम्पनी उनकी जगह नई भर्तियां कर रही हैं। जिससे उन्हें बेरोजगार होने की आशंका सता रही है। हालांकि धरना प्रदर्शन कर रही महिला कर्मचारियों को समझने के लिए पुलिस के आला अधिकारी और डायल 112 में तैनात वरिष्ठ अधिकारी भी डटे रहे। पुलिस के अधिकारियों ने महिला कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी नौकरी को कुछ नहीं होगा और उनको नियुक्ति पत्र भी जल्द दिलाया जाएगा। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं का कहना है कि उनकी सैलरी बढ़कर 12000 से बढ़ाकर 18000 की जाए।

अखिलेश बोले ये है भाजपा के ‘नारी वंदन’ का सच
डायल 112 की महिलाएं प्रदर्शन कर रही थी जिसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा अपने वेतन को पाने और महंगाई के इस दौर में थोड़ा बढ़ाने के लिए जब प्रदेश की वो बहन-बेटियाँ धरने पर बैठी हैं। जो ‘डायल 112 के ज़रिए दूसरों के दुख-दर्द को सबसे पहले सुनकर उनकी मदद की व्यवस्था करती हैं। ये कैसी विडंबना है कि आज उनकी ही सुनने वाला कोई नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था के स्वप्न-सौदागर दिल्लीवालों और 1 ट्रिलियन के दावेदार लखनऊवालों के पास क्या इन नारियों को देने के लिए कुछ भी नहीं है लगता है। सारा ख़ज़ाना नारी वंदन के नाम पर आत्म प्रचार में ही ख़त्म हो गया है।

Exit mobile version