बाहुबली विजय मिश्रा को बलात्कार मामले में सजा, एक लाख जुर्माना

भदोही। गायिका से रेप के मामले में सपा के पूर्व विधायक व बाहुबली विजय मिश्रा दोशी करार दिए गए। विजय मिश्रा को 15 साल की सजा और एक लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने शुक्रवार को विजय मिश्रा को दोषी माना था। मगर, बाहुबली के बेटे और नाती के खिलाफ पुख्ता सबूत न होने के चलते उन्हें बरी कर दिया।

फिलहाल, विजय आगरा की जेल में, तो बेटा विष्णु लखीमपुर खीरी की जेल में बंद है। इस मामले में बरी होने के बाद भी विष्णु जेल में ही रहेगा, क्योंकि उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी केस चल रहा है। साल-2022 में उसके कई ठिकानों से पुलिस और क्राइम ब्रांच ने हथियारों का जखीरा बरामद किया था। विजय मिश्रा के खिलाफ 83 मुकदमे दर्ज हैं। इससे पहले विजय मिश्रा को आर्म्स एक्ट में 2 बार सजा हो चुकी है। पहली बार- भदोही कोर्ट ने 17 अक्टूबर 2022 को 2 साल की सजा सुनाई थी। साथ ही 10 हजार का जुर्माना लगाया था। दूसरी बार- प्रयागराज कोर्ट ने 18 मार्च 2023 को 5 साल की सजा सुनाई थी और 10 हजार का जुर्माना लगाया था।

साल 2020 में लिखा गया था केस
वाराणसी के जैतपुरा की रहने वाली गायिका ने भदोही के गोपीगंज थाने में विजय मिश्रा समेत 3 के खिलाफ 18 अक्टूबर 2020 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि विजय मिश्रा 2014 से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। तहरीर में उसने 1 जनवरी 2014 से 18 दिसंबर 2015 के बीच अपने साथ हुई घटनाओं का जिक्र किया था। उसका कहना था कि साल 2014 में विधायक विजय मिश्रा ने एक कार्यक्रम के लिए उसे बुलाया था।

ऐसे हुआ था घटनाक्रम
स्टेज पर जाने से पहले जब वह चेंजिंग रूम में कपड़े बदल रही थी, उसी समय विजय कमरे में घुस आया और रेप किया। कमरे में रखे असलहों को दिखाकर धमकी दी कि मुंह खोला, तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद विधायक ने अपने बेटे विष्णु और नाती विकास को बुलाकर उसे वाराणसी छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद उन दोनों ने भी रेप किया। फिर 2015 में प्रयागराज के अल्लापुर में अपने घर बुलाकर भी रेप किया। इसके अलावा नौकरी दिलाने का भरोसा देकर होटल में बुलाकर भी विधायक ने शारीरिक शोषण किया। तंग आकर वह 2016 में मुंबई चली गई। मगर, विधायक लगातार वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें करता रहा। मैं उसके रसूख और खौफ के चलते चुप रही। लेकिन, अब उसकी हरकतें बर्दाश्त के बाहर हो गई थीं। इसलिए 6 साल बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रही हूं।

Exit mobile version