ब्रेक फेल होने से निजी बस पलटी पांच लोगों की मौत, कई घायल

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित होकर पलटी बस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 35 से 40 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसा संतनगर थाना क्षेत्र के हलिया ददरी मार्ग के ददरी बंधा मोड़ के पास हुआ। यहां सवारियों से भरी एक निजी बस बथुआ तिराहे से मध्य प्रदेश के कुशियरा मतवार बार्डर पर जा रही थी। तभी ददरी बंधा मोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से मतवार हलिया की रहने वाली मनीता, बढ़ौना गांव की रहने वाली ममता पत्नी सुरेश, उसका दो वर्षीय बेटे अभिषेक, बढ़ौना के रहने वाले सत्यनारायण, दस वर्षीय विष्णु की मौत हो गई। जबकि करीब 35 से 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेज दिया। जबकि गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती लोगों का इलाज जारी है।

शोर सुनकर पहुंचे इलाकाई लोग
निजी बस पलटने के बाद उसमें मौजूद सवारियों में चीखपुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास कम कर रहे लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाल कर उन्हें अस्पताल भिजवाया, लेकिन इस दौरान पांच बस सवार यात्रियों की मौत हो चुकी थी। कितनी संख्या में घायलों को देखकर राहत और बचाव कार्य कर रहे लोगों के भी हाथपांव फूल गए। हादसे में घायल कुछ लोगों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

अफसर भी पहुंचे, लिया जायजा
बस पलटने से हुई पांच लोगों की मौत की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर दौड़े। डीएम प्रियंका रंजन ने हादसे में पांच लोगों के मौत होने की पुष्टि की है। डीएम ने बताया कि ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ था। एसडीएम मड़िहान युगांतर त्रिपाठी, सीओ अनिल सिंह ,एसडीएम लालगंज भरतलाल सरोज ने घटनास्थल पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।

Exit mobile version