आस्था के साथ संगठन की मजबूती पर फोकस, देवप्रयाग पहुंचे अखिलेश

उत्तराखंड। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परिवार के साथ उत्तराखंड के देवप्रयाग पहुंचे। अखिलेश यादव ने फेसबुक और अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा आज मां गंगा के आँचल में सबके मंगल जीवन के निर्विध्न प्रवाह के लिए प्रार्थना के कुछ पल। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अलकनंदा और भागीरथी के संगम पर स्नान व पूजा-अर्चना की। इसके बाद रघुनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव देवप्रयाग बस अड्डे से अलकनंदा और भागीरथी के संगम स्थल तक पैदल पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव ने लोगों से बातचीत कर हाल-चाल जाना और कुछ लोगों ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत भी किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कि वह परिवार के साथ केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम भी जाएंगे। मंदिर के पूर्व पुजारी सोमनाथ भट्ट और पंडित हजारी लाल भट्ट ने अखिलेश यादव को इस स्थान का ऐतिहासिक महत्व भी बताया।

उत्तराखंड में किया जा रहा संगठन मजबूत
उत्तराखंड पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कहा सपा चुनावों को लेकर अपनी पूरी तैयारी में जुटी हुई है। उत्तराखंड में भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को प्रदेश के युवाओं के रोजगार के बारे में चिंता करनी चाहिए। युवा रोजगार के कारण पलायन करने पर मजबूर हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन मजबूत है सपा और कांग्रेस के बीच कोई मतभेद नहीं है।

हिंदूकार्ड की राजनीति
राजनीति के जानकारों का कहना है कि अखिलेश अब हिंदूकार्ड की राजनीति में लग गए हैं। इसी कारण वह लगातार हिंदू धर्मस्थलों पर दिखने लगे हैं। वजह है कि लोकसभा चुनाव करीब आ चुका है। इन हालात में अब वह भाजपा की थीम पर चलकर वोटबैंक मजबूत करने की जुगत में हैं। ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में सपा को बढ़त मिल सके।

Exit mobile version