फेसबुक से दोस्ती कर 10 लाख की ठगी, पुलिस कर रही तलाश

गाजियाबाद। फेसबुक के जरिये महिला से दोस्ती कर युवक ने उसके नाम पर 10 लाख का लोन निकलवा लिया। रकम भी खाते से निकालकर आरोपी भाग निकला। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा है।

दरअसल शाóीनगर में रहने वाली महिला का सालभर पहले पति से विवाद हुआ था। इसके बाद वह अलग रहने लगी। करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से एक युवक उनके संपर्क में आया। उसने खुद को अधिवक्ता बताया। इसके बाद उससे उनकी बातचीत होने लगी। नजदीकी बढ़ने पर एक दिन आरोपी ने कहा कि वह उनकी पैरवी कर उनके पति से खर्चे के रूप में उनको मोटी रकम दिलवा सकता है। उसकी बातों में आकर कुछ राशि उन्होंने आरोपी को नकद दे दी। आरोपी गाजियाबाद आ गया तो उसने उनके नाम से एक खाता बैंक में खुलवा दिया। आरोपी ने उनकी ज्वेलरी गिरवी रखवाकर लोन निकाल लिया और कम रुपये निकालने की बात कहते हुए खाते से दस लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गया।

ऐसे हुआ ठगी का एहसास
रकम निकालने के बाद महिला ने आरोपी से संपर्क साधा तो वह कुछ दिन बैंक की गड़बड़ी की बात कहता रहा। जब बैंक जाकर पता किया तो खाते से 10 लाख निकाले गए थे। ज्यादा जानकारी करने पर पता चला कि पति से आरोपी ने खर्च दिलाने के लिए कोई कार्रवाई ही नहीं की थी। रकम मांगने पर कहा कि वह उनको एक रुपया नहीं लौटाएगा।

पुलिस कर रही तलाश
महिला ने बार-बार उसे कॉल की लेकिन उसने फोन रिसीव करना बंद कर दिया। यहां तक की मोबाइल भी स्विच आफ कर लिया। आरोपी प्रदीप के खिलाफ महिला ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी। इस बारे में एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नामजद की जल्द गिरफ्तारी की कोशिश जारी है। उसके सही पते पर टीम भेजी जाएगी। फिलहाल बैंक से उसका सही एड्रेस पता लगाया जा रहा है। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।

Exit mobile version