प्रेत का साया बताकर तांत्रिक ने कर डाली विवाहिता की हत्या

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भूत-प्रेत के साये के चक्कर में एक तांत्रिक ने महिला की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद तांत्रिक ने परिजनों को बताया कि महिला 7 दिन में जिंदा हो जाएगी और फरार हो गया। परिवार वाले महिला के शव के साथ 24 घंटे तक घर में रहे। जब महिला जिंदा नहीं हुई तो घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मामला इटावा कोतवाली क्षेत्र के पथवारिया मोहल्ले का है। यहां के रहने वाले रिटायर्ड अध्यापक सुरेश सक्सेना की 40 वर्षीय बेटी प्रिया सक्सेना काफी समय से बीमार चल रही थी। प्रिया बीमारी की वजह से अपने मायके में रहने लगी थी। इसके बाद सुरेश के घर एक तांत्रिक आया। तांत्रिक ने प्रिया पर भूत- प्रेत का साया बताया। तांत्रिक ने झाड़ फूंककर प्रिया को ठीक करने का दावा किया। प्रिया की मां रानी ने बताया कि तांत्रिक ने उनकी बेटी के हाथ पैर बांधे और उसकी गर्दन पर खड़ा हो गया। इसके बाद पाइप से उनकी बेटी की तांत्रिक ने पिटाई की। जिससे उनकी बेटी प्रिया की मौत हो गई। प्रिया की मां रानी ने बताया कि तांत्रिक ने शनिवार को उनके घर में हवन भी किया था। रानी और सुरेश ने बेटी की ठीक होने की उम्मीद में तांत्रिक से कुछ नहीं कहा। प्रिया की हत्या करने के बाद आरोपी तांत्रिक घरवालों को प्रिया के 7 दिन में जिंदा होने की बात कह कर फरार हो गया, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी प्रिया जिंदा नहीं हुई। तब सुरेश ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल प्रिया की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और तांत्रिक द्वारा की गई हत्या की वारदात जिले भर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मायके में रहती थी प्रीति
प्रिया की मां रानी सक्सेना ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी करीब 6 साल पहले फतेहपुर में की थी। शादी के बाद से ही प्रिया के ससुराल में झगड़ा होना शुरू हो गया। जिसके बाद प्रिया उनके घर उनके साथ रहने लगी। कुछ दिन बाद प्रिया बीमार हो गई। जिसके बाद उसका काफी इलाज कराया लेकिन वह ठीक नहीं हुई। इस दौरान प्रिया के पिता सुरेश सक्सेना के टच में एक तांत्रिक आया तो उन्होंने अपनी बेटी को तांत्रिक को दिखाया था। तांत्रिक ने उसे पर भूत प्रेत का साया बताया। तांत्रिक ने प्रिया के माता-पिता से नवरात्र में हवन पूजन कर प्रिया को ठीक करने का दावा किया था।

तांत्रिक की तलाश में जुटी पुलिस
तंत्र क्रिया में महिला की हत्या की जानकारी मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर विक्रम सिंह चौहान और नायब तहसीलदार प्रीति सिंह मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से संबंधित तथ्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि जल्दी आरोपी तांत्रिक की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Exit mobile version