घायल कोबरा सांप का दिल्ली में इलाज शुरू, महीनेभर में होगा ठीक

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में घायल हुए कोबरा सांप का दिल्ली की वाइल्ड लाइफ एसओएस संस्था में इलाज शुरू हो चुका है। सुल्तानपुर की बीजेपी सांसद व पशु प्रेमी मेनका गांधी की पहल पर ऐसा किया जा रहा है। संस्था ने सांप को दिल्ली भेजने वाले पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा को इसकी जानकारी भेजी है।

मामला थाना सिविल लाइन इलाके के सिलहरी गांव का है। वहां सीमेंट-गाटर की दुकान में इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा प्रजाति का सांप निकला। सांप को देख गाटर उठा रहा मजदूर घबरा गया और उसके हाथ से गाटर छूटकर सांप पर गिरा था। इससे सांप जख्मी हो गया। कोबरा सांप के जख्मी होने की सूचना पशु प्रेमी वीकेन्द्र शर्मा को मिली। मौके पर पहुंचकर पशु प्रेमी ने सांप को रेस्क्यू कर वहां से निकाला और घर ले आए। यहां कई घंटे सांप को सुरक्षित रखते हुए अपने स्तर से उसका प्राथमिक इलाज किया। हालांकि उसकी हालत लगातार गिरती जा रही थी और वह मरणासन्न होने लगा।

दिल्ली भेजा गया सांप
विकेंद्र पीएफए (पीपुल्स फार एनिमल्स) संस्था के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में उन्होंने इस रेस्क्यू की जानकारी सांसद मेनका गांधी को भेजी। यह भी बताया कि सांप का बचना मुश्किल है। इस पर सांसद ने वीकेंद्र को सांप का दिल्ली में स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस संस्था में इलाज कराने का निर्देश दिया। टैक्सी से सांप को संस्था के दो वालिंटियर दिल्ली लेकर गए और वहां वाइल्ड लाइफ संस्था को लिखापढ़ी में सांप सौंपा गया।यहां कई घंटे सांप को सुरक्षित रखते हुए अपने स्तर से उसका प्राथमिक इलाज किया। हालांकि उसकी हालत लगातार गिरती जा रही थी और वह मरणासन्न होने लगा।

सुधार में लगेगा एक महीना
वाइल्ड लाइफ संस्थान की ओर से पुनः विकेंद्र से संपंर्क साधा गया है। इसमें बताया कि सांप का इलाज शुरू कर दिया गया है। उसकी हालत ठीक नहीं है, क्योंकि कुछ हिस्सा डैमेज हो चुका है। हालांकि महीनेभर में उसकी स्थिति में सुधार हो सकता है। सांप के इलाज का मामला सुनकर हर किसी को हैरत हो रही है। बताते चलें कि साल 2022 में चूहे को यातनाएं देकर मारने के मामले में विकेंद्र ने एक व्यक्ति पर मुकदमा लिखाया था और चूहे का पोस्टमार्टम भी पुलिस को कराना पड़ा था। यह देश का पहला ऐसा मामला था, जिसमें चूहे के शव का पोस्टमार्टम हुआ। इस प्रकरण में पुलिस आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

Exit mobile version