क्रिकेटर शिखर धवन का पत्नी आयशा से हुआ तलाक, कोर्ट ने माना- पत्नी ने उनसे मानसिक क्रूरता की

भारत के स्टार बल्लेबाज शिखर धवन का पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक हो गया है। दोनों काफी समय से अलग रहे हैं। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद इन दोनों तलाक हो गया। दिल्ली के पटियाला हाउस फैमिली कोर्ट में शिखर धवन के तलाक को मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही कोर्ट माना की आयशा ने शिखर धवन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है।

जज हरीश कुमार ने माना कि आयशा ने धवन को बेटे से एक साल तक दूर रखकर उन्हें मानसिक यातना झेलने को मजबूर किया। हालांकि कोर्ट ने बेटे की स्थायी कस्टडी पर फैसला नहीं दिया। धवन भारत और ऑस्ट्रेलिया में बेटे के साथ उचित वक्त बिता सकते हैं। उससे वीडियो कॉल पर बात कर सकते हैं। अदालत ने दंपती के बेटे की स्थायी कस्टडी पर कोई भी आदेश पारित करने से इनकार करते हुए धवन को भारत और ऑस्ट्रेलिया में उचित अवधि के लिए अपने बेटे से मिलने और उसके साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करने का अधिकार दिया है। अदालत ने आयशा को शैक्षणिक कैलेंडर के दौरान स्कूल की छुट्टियों की कम से कम आधी अवधि के लिए धवन और उसके परिवार के सदस्यों के साथ रातभर रहने सहित मुलाकात के उद्देश्य से बच्चे को भारत लाने का आदेश दिया है।

धवन की याचिका के मुताबिक आयशा ने पहले उनके साथ भारत आकर रहने की बात कही थी। हालांकि, बाद में वो अपने पूर्व पति को लेकर कमेटमेंट की वजह से अपनी बात से पीछे हट गईं।
पहली शादी से उनकी दो बेटियां हैं। उन्होंने पूर्व पति से वादा किया था कि वो बेटियों को लेकर ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगी। धवन बिना किसी गलती के वर्षों तक अपने ही बेटे से अलग रहने की भारी पीड़ा से गुजर रहे थे। हालांकि पत्नी ने आरोप से इनकार किया, यह कहते हुए कि वह वास्तव में उनके साथ भारत में रहना चाहती थीं, हालांकि अपनी पिछली शादी से अपनी बेटियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया में रहना पड़ा। कोर्ट ने इसे भी धवन का मानसिक उत्पीड़न माना।

आयशा पर धवन के खिलाफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सदस्यों और साथी खिलाड़ियों को अपमानजनक मैसेज भेजने का आरोप भी सही पाया। हालांकि, आयशा ने दावा किया था कि उन्होंने महज तीन लोगों को ऐसे मैसेज भेजे थे, लेकिन कोर्ट ने इसे मानने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने शिखर धवन के इस आरोप को भी सच पाया कि कोविड के दौरान जब वो पिता के साथ रहना चाहते थे तो आयशा ने काफी झगड़ा किया था। कोर्ट ने यह भी पाया कि आयशा ने जबरन दबाव बनाकर ऑस्ट्रेलिया में धवन की तीन संपत्तियों में 99% मालिकाना हक हासिल कर लिया। साथ ही दो अन्य संपत्तियों में भी जॉइंट ओनर बन गईं।

2012 में हुई थी दोनों की शादी
ऑस्ट्रेलियन नागरिक आयशा का जन्म हिंदुस्तान में हुआ है। उनके पिता भारतीय हैं और उनकी मां ब्रिटिश मूल की हैं। शिखर से 10 साल बड़ी आयशा किक बॉक्सर हैं और नेशनल व इंटरनेशनल इवेंट में हिस्सा ले चुकी हैं। आयशा की पहली शादी एक ऑस्ट्रेलियाई बिजनेसमैन से हुई थी। इस शादी के बाद आयशा की दो बेटियां आलिया और रिया हुईं। 2012 में आयशा ने शिखर से शादी की। शिखर धवन के घर वाले आयशा से शादी के खिलाफ थे। वे नहीं चाहते थे कि तलाकशुदा और 10 साल बड़ी औरत जिसकी दो बेटियां हों, उससे वह शादी करें। हालांकि बाद में मान गए थे। शिखर ने आयशा की बेटियों को अपना लिया। आयशा और शिखर के बेटे का नाम जोरावर है। शिखर ने आयशा को पहली बार फेसबुक पर देखा था और यहीं से प्यार की शुरुआत हुई थी।

Exit mobile version