गैंगस्टर दीपक मान की हत्या, लॉरेंस गैंग के गुर्गे गोल्डी ने ली जिम्मेदारी

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में पंजाब के गैंगस्टर दीपक मान उर्फ मान जैतो की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश गांव के खेत से मिली है। कुछ दिन पहले ही उसने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को ललकारा था। अब कत्ल के बाद गोल्डी बराड़ ने उसके कत्ल की जिम्मेदारी ली है।

सोनीपत के हरसाना कलां गांव के खेत में एक लाश पड़ी थी। जिस पर कई गोलियों के निशान थे। शाम के समय किसान खेत में गए तो लाश देखी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पहले पुलिस उसकी पहचान नहीं कर सकी। शव के हाथ में कड़ा था और पंजाबी भाषा में कुछ गुदा हुआ था। इस पर पुलिस ने पंजाब पुलिस को उसकी तस्वीरें भेजीं तो पंजाब पुलिस ने शव की शिनाख्त की। पुलिस के मुताबिक दीपक पंजाब के जिला फरीदकोट के गांव जैतो का रहने वाला था। वह पंजाब पुलिस का हिस्ट्रीशीटर था। इसके बाद एसीपी क्राइम राहुल देव समेत एसटीएफफ के डीएसपी इंटीवर, एंटी गैंगस्टर यूनिट की टीम मौके पर जा पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के कई खोखे मिले हैं। वहीं युवक के सिर व सीने में कई गोलियां मारी गई थीं। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दीपक सोनीपत तक कैसे पहुंचा, इस पहलू पर पुलिस जांच कर रही है।

गोल्डी बराड़ ने ली जिम्मेदारी
दीपक मान की हत्या की जिम्मेदारी अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर एवं लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य गोल्डी बराड़ के नाम से बनाए सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली पोस्ट में ली है। उसने लिखा है कि हां जी, सत श्री अकाल, राम राम जी सबको। बंबीहा गैंग के एक गैंगस्टर नशेड़ी मान जैतो को लंबे समय के बाद हमने मार दिया है। वह मेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या के मामले में फरार था। उसको उसके किए की सजा दे दी है। उसे कुत्ते की मौत दी है। वह फेसबुक पर बहुत चैलेंज करता था। उसके सिर व सीने में उतनी ही गोलियां मारीं। जो रह गए हैं, वह भी तैयारी कर लें। सुक्खा दूनके ही हत्या भी हमने कराई है। वह टॉयलेट में हेरोइन का नशा कर रहा था। उसे घर में घुसकर मार दिया। उसकी हत्या की झूठी जिम्मेदारी लेने वालों को शर्म करनी चाहिए।

मुकदमा दर्ज, जांच जारी
एसीपी जीत सिंह ने बताया कि गांव हरसाना के खेत में युवक का शव मिला था। उसकी पहचान दीपक मान के रूप में हुई है। वह कुख्यात गैंगस्टर बताया गया है। उसके खिलाफ पंजाब व चंडीगढ़ में हत्याओं के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version