नोएडा अथॉरिटी के OSD पर गिरी गाज, अविनाश त्रिपाठी का हुआ ट्रांसफर

सीएम योगी

नोएडा। उत्तर प्रदेश प्रशासन की सेवाओं में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। सीएम योगी आदित्यनाथ की तरफ से हुई समीक्षा बैठक के बाद नोएडा अथॉरिटी के ओएसडी अविनाश त्रिपाठी पर गाज गिरी है। उनका ट्रांसफर करके बागपत जिले में कर दिया गया है, जहां का उपजिलाधिकारी बना कर भेजा गया है।

सीएम योगी ने एक दिन पहले ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने फिल्म सिटी से लेकर नोएडा तक के विकास कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही जेवर एयरपोर्ट के कामकाज पर समीक्षा भी की थी। उसके 24 घंटे के बाद ही प्रशासन की ओर से नोएडा अथॉरिटी के OSD का तबादला कर दिया गया। ओएसडी अविनाश त्रिपाठी के अलावा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभाष कुमार का तबादला विशेष सचिव खाद्य के पद पर किया गया है। साथ में नियंत्रक बाट माप का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं नोएडा प्राधिकरण की ओएसडी आईएएस वंदना त्रिपाठी को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बना दिया गया है।

इससे पहले लंबे समय तक नोएडा के जिलाधिकारी रहे सुहास एलवाई का भी ट्रांसफर किया जा चुका है। उनकी जगह आईएएस मनीष वर्मा को नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नोएडा असल में एनसीआर का अहम हिस्सा है। इस इलाके में तेजी से विकास हो रहा है। यहां बन रही फिल्म सिटी के साथ ही नोएडा का जेवर एयरपोर्ट समेत रैपिड रेल जैसी कई बड़ी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। जुलाई 2023 में नोएडा विकास प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी का तबादला किया गया था। वहीं नोएडा ओएसडी के साथ ही अमेठी के SDM दिग्विजय सिंह का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब प्रयागराज का नया एसडीएम बनाया गया है।

Exit mobile version