महिला आरक्षण बिल: बीजेपी मुख्यालय पर मोदी का भव्य स्वागत, बोले- बिल फाड़ने वाले भी समर्थन में आए

File Photo

नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन विधेयक) लोकसभा और राज्यसभा से पास होने के बाद शुक्रवार को भाजपा ने दिल्ली मुख्यालय में जश्न मनाया। महिला कार्यकर्ताओं ने PM नरेंद्र मोदी का अभिनंदन और और धन्यवाद दिया। इस मौके पर PM ने महिला कार्यकर्ताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पिछ्ली सरकारों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, अन्य सरकारों ने केवल लीपापोती का काम किया है नहीं तो अब तक इसे लागू कर दिया गया होता।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत देश की माता, बहनों और बेटियों को बधाई देते हुई की। पीएम ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर इतिहास बनाने का अवसर हमारी भाजपा सरकार को मिला। आने वाले कई वर्षों तक इस दिन की चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। माताएं, बहनेx हमें आशीर्वाद दे रही है। राष्ट्र को सर्वप्रथम रखने वाले भाजपा कार्यकर्ता के रूप में हमें गर्व हो रहा है। पीएम ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई आम कानून नहीं है। ये अमृत काल में विकसित भारत की ओर एक बड़ा कदम है।

मोदी की गारंटी का प्रमाण
पीएम ने कहा कि वूमन लेड डेवलपमेंट की जो गारंटी मोदी ने दी थी, ये बिल उस गारंटी का परिणाम है। 3 दशक से ये बिल हमारा कमिटमेंट था और हमने इसे पूरा किया। इसमें दशकों पुराने अड़ंगे थे। लेकिन पवित्र नीयत और कार्य में पारदर्शिता परेशानियों को पार कर के परिणाम लाती है।

सभी सांसदों को धन्यवाद
पीएम मोदी ने कहा कि बिल करीब-करीब सभी दलों के समर्थन से रिकॉर्ड वोट के साथ पास हुआ है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों को धन्यवाद। पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने बहनों के जीवन चक्र से जुड़ी हर समस्या पर ध्यान दिया। हमने मातृ वंदन योजना शुरू की, बैंक में पैसे भेजे, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आंदोलन शुरू किया। इसका परिणाम है कि लिंगानुपात सही हुआ है। हमनें शिक्षा के लिए सुकन्या समृद्धि में ज्यादा ब्याज दिया। महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण किया। उन्हें रसोई गैस दिया। उन्हे हर घर पानी का कनेक्शन दिया। हमारी सरकार ने बेटी की हर बाधा दूर करने की कोशिश की है। हमने बेटियों को 5 लाख तक की मुफ्त इलाज की सुविधा दी। पीएम आवास के घरों में संयुक्त भागीदारी दी। करोड़ों जनधन अकाउंट खुलवाए। बिना गारंटी के मुद्रा लोन की सुविधा दी।

तीन तलाक का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं की सुविधा के लिए मातृत्व अवकाश बढ़ाया, सैनिक स्कूल, सेना के अधिकारी पदों पर महिलाओं को एंट्री भी दी गई। मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों के लिए तीन तलाक को खत्म किया गया।

बिल कैसे संभव हुआ?
पीएम ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के पास होने का श्रेय मोदी को नहीं बल्कि करोड़ों देशवासियों को जाता है। देश के मतदाताओं विशेषकर माताओं-बहनों ने वोट देकर एक पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाई। आपने जो सरकार को बहुमत दिया उसी की मदद से सरकार संसद में फैसले ले रही है और 30 साल से लटके बिल को पास करवा रही है। स्थिर सरकार हो तो देश में फैसले आसानी से होते हैं।

पहले लीपापोती होती थी
पीएम मोदी ने कहा कि पहले महिला आरक्षण बिल पर लीपापोती होती थी। पहले तो महिलाओं की बेईज्जती भी की जाती थी। कुछ लोगों को नारी शक्ति वंदन नाम पर भी आपत्ति थी। इस कानून ने सिद्ध किया है कि देश को आगे ले जाने के लिए पूर्ण बहुमत वाली सरकार बहुत ही आवश्यक है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें अनुभव है कि जब मातृशक्ति को हक दिया जाता है तो कितना अधिक काम होता है। पीएम ने कहा कि अमूल से लेकर लिज्जत पापड़ को बनाने में भी महिलाओं का ही योगदान है। पीएम ने कहा कि इसी कारण वो महिलाओं के हक के लिए लड़ते हैं।

नारी शक्ति को बल
पीएम मोदी ने कहा कि इस बिल के कारण नारी शक्ति को बल मिलेगा। ये महिलाओं की ही ताकत थी कि जो इस बिल का पहले विरोध करते थे उन लोगों ने भी संसद में बिल के पक्ष में वोट किया। देश ने संकल्प लिया है कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश को विकसित बनाना है। देश की आधी आबादी को उनका हक, अधिकार इसमें बड़ी भूमिका निभाएगा। पीएम ने कहा कि देश की नारी शक्ति नई परंपरा की शुरुआत करेगी।

Exit mobile version