जी-20 का स्थायी सदस्य बना अफ्रीकन यूनियन, PM मोदी ने गले लगाकर किया स्वागत

नई दिल्ली। दुनिया की 20 बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों के समूह G20 का आज दिल्ली में शिखर सम्मेलन शुरू हो गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के दिग्गज नेताओं का स्वागत किया। इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने अफ्रीकी यूनियन के आधिकारिक रूप से जी20 ग्रुप में शामिल होने का भी ऐलान किया। यूनियन के अध्यक्ष को गले लगाकर उन्हें बधाई भी दी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने अफ्रीकन यूनियन को आधिकारिक रूप से जी-20 ग्रुप में शामिल किए जाने का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि सभी की सहमति के साथ अफ़्रीकन यूनियन G20 का स्थायी सदस्य बनने जा रहा है। पीएम मोदी ने ऐलान करते हुए कहा,”सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का विचार दुनिया के लिए मार्गदर्शक हो सकता है। यह हम सभी के लिए वैश्विक भलाई के लिए एक साथ चलने का समय है।”

इसके बाद विश्व नेताओं की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कोमोरोस संघ के राष्ट्रपति और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष अजाली औसमानी को जी20 के सदस्य देशों के साथ आसन पर बिठाया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी गले लगकर अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष को जी20 में शामिल होने पर बधाई दी।

क्या है अफ्रीकन यूनियन?
अफ़्रीकी संघ (African Union) 55 सदस्य देशों का एक समूह है जो अब यूरोपीय संघ के समान दर्जा रखता है। 9 सितंबर 1999 को सिर्ते, लीबिया में सिर्ते घोषणा में अफ्रीकी संघ की स्थापना का आह्वान करते हुए एयू की घोषणा की गई थी। इस ब्लॉक की स्थापना 26 मई 2001 को अदीस अबाबा, इथियोपिया में हुई थी और 9 जुलाई 2002 को डरबन, दक्षिण अफ्रीका में लॉन्च किया गया था।

Exit mobile version