चंद्रयान-3 मिशन का हिस्सा बनी गाजियाबाद की दम्पत्ति, टीम में निभाई अहम भूमिका

गाजियाबाद। भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने अपने निर्धारित समय पर चंद्रमा के साउथ पोल पर लैंडिंग की। इसरो की चंद्रयान-3 मिशन टीम में गाजियाबाद की तनीषा और उनके पति शुभजीत ने शामिल होकर शहर का नाम रोशन कर दिया।

इसरो की टीम में राजनगर निवासी रिटायर्ड शिक्षक राजेश भाटिया की पुत्री तनीषा भाटिया एवं उनके दामाद शुभजीत भी शामिल रहे। राजेश भाटिया का कहना है कि उनकी बेटी तनीषा ने शुरुआती शिक्षा सेंटपॉल और डीपीएसजी से ग्रहण की है। तनीषा शुरू से ही नई खोज करती रहती थी और बचपन से ही तनीषा का सपना था कि वह एक दिन बड़ी खोज अवश्य करेगी। उनकी बेटी और दामाद चंद्रयान दो के साथ ही चंद्रयान-3 की टीम में भी शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बेटी तनीषा सेंसर और कैमरे पर काम कर रही थी। इस अभियान में तनीषा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डीपीएसजी मेरठ रोड की प्रिंसिपल कैप्टन दिनिशा भारद्वाज सिंह ने बताया कि तनीषा भाटिया 2009 पास-आउट बैच हैं। उन्होंने जिले का नाम पूरे विश्व में कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम अपनी रॉकेट लेडी और उनके माता-पिता की चंद्रयान 3 मिशन की समाप्ति होने पर एवं गाजियाबाद स्थित घर आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह किया जाएगा।

वहीं गाजियाबाद के जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इसरो की टीम में शामिल तनीषा भाटिया और शुभजीत के घर वालों को ढेर सारी शुभकामनाएं दी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह जानकर उन्हें बेहद खुशी हुई कि विश्व में देश का नाम ऊंचा करने वाले चंद्रयान-3 की इस टीम में गाजियाबाद की तनीषा भाटिया और सुभजीत भी शामिल रहे। दोनों ने ही गाजियाबाद का नाम रोशन किया है। इसके लिए तनीषा और शुभजीत के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी ढेर सारी बधाई देता हूं।

Exit mobile version