जिम्बाब्वे की टीम के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक के निधन की खबर निकली फेक

जिम्बाब्वे की टीम के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक के निधन की खबर फेक निकली है। 49 साल की उम्र में उनकी कैंसर से मौत होने की खबर थी, जिसकी जानकारी उनके पूर्व साथी खिलाड़ी हेनरी ओलंगा ने दी थी। अब उन्होंने स्ट्रीक की मौत की खबर को झूठा बताया है और अपना पुराना पोस्ट भी डिलीट कर दिया है।

हीथ स्ट्रीक के गेंदबाजी सहयोगी रहे हेनरी ओलंगा ने सोशल मीडिया पर नया पोस्ट करते हुए लिखा है, “मैं पुष्टि कर सकता हूं कि हीथ स्ट्रीक के निधन की अफवाहों को बहुत बड़े पैमाने पर पेश किया गया है। मैंने अभी उनसे सुना। थर्ड अंपायर ने उन्हें वापस बुला लिया है। वह जीवित हैं दोस्तो।” इससे पहले हेनरी ओलंगा ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की थी कि दुखद खबर आई है कि हीथ स्ट्रीक अब दूसरी दुनिया में चले गए हैं। जिम्बाब्वे क्रिकेट के महना क्रिकेटर की आत्मा को शांति मिले। आपके साथ खेलना सम्मान की बात रही।

जिम्बाब्वे टीम के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक ने बोर्ड के साथ विवाद होने की वजह से सिर्फ 31 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। स्ट्रीक ने जिम्बाब्वे के लिए 65 टेस्ट और 189 वनडे मैचों में खेला है। इस दौरान उन्होंने दोनों ही फॉर्मेट में मिलाकर कुल 4933 रन बनाने के साथ 455 विकेट हासिल किए।

साल 2005 में स्ट्रीक ने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा जिसमें उन्होंने बांग्लादेश, जिम्बाब्वे के अलावा आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कोच की भूमिका को अदा किया. साल 2021 में स्ट्रीक पर आईसीसी ने 5 भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के पांच उल्लंघनों के चलते 8 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।

Exit mobile version