Chandrayaan-3 पर ‘आपत्तिजनक’ ट्वीट करके फंसे प्रकाश राज, केस दर्ज

बेंगलुरु। चंद्रयान-3 मिशन पर आपत्तिजनक पोस्ट कर अभिनेता प्रकाश राज अब फंसते दिख रहे हैं। अभिनेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। हिंदू संगठनों के नेताओं ने उनके खिलाफ बागलकोट जिले के बनहट्टी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।

प्रकाश राज ने हाल ही में ट्विटर पर एक विवादित पोस्ट किया था और ‘इसरो’ के मून मिशन ‘चंद्रयान 3’ का मजाक उड़ाया था। एक्टर ने इस मून मिशन का मजाक उड़ाते हुए एक कार्टून शेयर किया था। उनके इस पोस्ट में एक शख्स लुंगी पहने हुए एक मग से दूसरे मग में चाय डालता दिख रहा है। इसे तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा है, ‘चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर से चांद की आने वाली पहली तस्वीर’।

अभिनेता द्वारा विवादित पोस्ट करने के बाद से इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने उनकी जमकर ट्रोलिंग की। एक यूजर्स ने लिखा- प्रकाशजी, इसरो की उपलब्धियों से राजनीतिक नफरत को दूर रखें। चंद्रयान मिशन इसरो का है, भाजपा का नहीं। अगर यह सफल हो जाता है, तो यह भारत के लिए सफलता होगी, किसी पार्टी के लिए नहीं। दूसरे यूजर ने लिखा, प्रकाश राज उस उपलब्धि का मजाक उड़ा रहे हैं, जिसे दुनिया मील का पत्थर मान रही है। आप बहुत नीचे गिर गए हैं।

घटनाक्रम के बाद प्रकाश ने मंगलवार को कहा कि प्रिय अनअकैडमी ट्रोल्स और गोदी मीडिया जो केवल एक चायवाले को जानते हैं। यदि आप शिक्षित होना चाहते हैं तो कृपया पढ़ें, उन्होंने “नील आर्मस्ट्रांग और चंद्रमा” पर मलयाली शीर्षक वाले एक लेख का लिंक भी दिया। प्रकाश ने यह भी कहा था कि नफरत केवल नफरत देखती है। मैं आर्मस्ट्रांग के समय के एक चुटकुले का जिक्र कर रहा था। ट्रोल्स ने किस चायवाले को देखा…?

Exit mobile version