नोएडा आई बांग्लादेश की सोनिया, बोली- नोएडा के सौरभ से हुआ है उसका निकाह

नोएडा। पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर का मामला अभी चल ही रहा था कि अब बांग्लादेश से एक महिला अपने बच्चे को लेकर नोएडा पहुंच गई है। महिला आठ दिनों से नोएडा में है, महिला का कहना है कि नोएडा के सौरभ कांत तिवारी ने उससे निकाह किया। तीन साल साथ रहने के बाद उसे छोड़कर वापस भारत के नोएडा आ गया।

बांग्लादेश की रहने वाली महिला सोनिया अख्तर सोमवार को नोएडा पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंची। महिला ने बताया कि सूरजपुर थानाक्षेत्र के सौरभ कांत तिवारी ने बांग्लादेश में चार जनवरी 2017 से 24 दिसंबर 2021 तक ढाका में कल्टी मैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड मैं नौकरी करता था। सौरभ ने वहां पर ही 14 अप्रैल 2021 को इस्लामिक रीति-रिवाज से उसके साथ शादी की। शादी के बाद उसका एक बच्चा पैदा हुआ लेकिन सौरभ उसे छोड़कर भारत आ गया है। महिला के मुताबिक सौरभ ने कहा कि उसे इंडिया जाकर कुछ जरूरी काम निपटाने हैं और वापस आना है, जिसके बाद वह गया और वापस ही नहीं आया। महिला ने आरोप लगाया कि सौरभ ने सारे नंबर बंद कर लिए, जिससे उसका कॉन्टैक्ट होता था। सीमा हैदर को देखते हुए महिला की हिम्मत बढ़ गई और उसने वीजा लेकर इंडिया आने का फैसला किया।

पति नहीं रखना चाहता साथ, दूसरी शादी का लगाया आरोप
अब सोनिया का कहना है कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है लेकिन पति सौरव उसे अपने साथ रखने से इंकार कर रहा है। उसने आरोप लगाया है कि उसके पति सौरव ने इंडिया आकर दूसरी महिला से शादी कर ली है। वहीं अब सोनिया आपने एक साल के बच्चे के साथ नोएडा पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रही है। उसका कहना है कि भारत सरकार से उसे न्याय की आस है।

महिला के पुलिस को दिखाए दस्तावेज
महिला द्वारा अपने व अपने बेटे के पासपोर्ट व वीजा व नागरिक कार्ड पुलिस को उपलब्ध कराए है। बताया गया कि महिला को सेक्टर-34 नारी निकेतन में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि बांग्लादेश की महिला के साथ सौरभ तिवारी द्वारा बांग्लादेश में शादी की गई है। घटना का स्थान बंगलादेश है। वहीं महिला के कहने पर सौरभ कांत की तलाश की जा रही है। बताया गया कि सौरभ सेक्टर-62 में रहता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version