मदरसा में मेज पर तिरंगा बिछाकर परोसा नाश्ता, 4 गिरफ्तार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्वतंत्रता दिवस पर दहियावां बाजार के एक मदरसा में आयोजित कार्यक्रम में मेज पर तिरंगा बिछाकर नाश्ता परोसा गया। इसका फोटो एक दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। व्यापारी नेताओं की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ नामजद केस लिखकर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने चार नामजद आरोपितों को बुधवार दोपहर गिरफ्तार कर चालान कर दिया।

गंगापार के होलागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दहियावां बाजार में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा था। इस दौरान दहियावां बाजार में स्थित गौसिया मदरसा में टेबल पर तिरंगा झंडा बेंच पर फैलाकर खाना परोसने और खाने का फोटो ट्विटर हैंडल पर डाल दिया गया। जिसमें यूपी पुलिस, सीएमओ ऑफिस, डीसीपी गंगानगर, प्रयागराज को टैग किया गया। उसमें लिखा गया कि यह फोटो प्रयागराज के होलागढ़ थाने के अंतर्गत आने वाले दहियावां बाजार का बताया जा रहा है। ये लोग तिरंगे का अपमान कर रहे है। उनके विरुद्ध देशद्रोह जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर प्रयागराज पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।

इसकी जानकारी रात में दहियावा बाजार के कारोबारियों को हुई, तो कारोबारी आक्रोशित हो उठे। बाजार के व्यापार मंडल के नेता पवन जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। मुकदमा लिखे जाने की मांग करने लगे। जिसके बाद यह मामला पुलिस के आला अधिकारियों के संज्ञान में आया।

दहियावां व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन सेठ समेत कई कारोबारियों की ओर से पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया गया। उसके आधार पर होलागढ़ थाने में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) अधिनियम 2003 की धारा में कुलदीप केसरवानी, तौआब अंसारी, नन्हे कुरैशी, संजय केसरवानी और अज्ञात पर केस लिखा गया। मुकदमे में नामजद लोगों को बुधवार दोपहर शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर चालान एसीपी थरवई की कोर्ट में भेजा गया। अब तिरंगा बिछाने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version