नौ साल की बेटी से सौतेले पिता ने किया दुष्कर्म

गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में सौतेले पिता ने 9 साल की बच्ची से घर में दुष्कर्म किया। मां के लौटने पर बच्ची ने आपबीती बताई। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

कौशांबी की एक महिला कालोनी के एक फ्लैट में महिला मजदूरी कर परिवार पालती है। महिला ने बताया कि दो वर्ष पूर्व नेपाल से एक व्यक्ति के साथ यहां आई थी। अपनी बेटी को वहीं छोड़कर आई थीं। करीब आठ माह पूर्व बेटी को अपने पास बुला लिया। महिला के मुताबिक उसका पति दो-तीन दिन से वह काम पर नहीं जा रहा था। शनिवार को महिला ने उससे काम पर जाने के लिए पूछा तो वह थोड़ी देर में जाने का बहाना बनाकर कमरे में लेटा रहा। इसके बाद जब वह काम पर निकल गई तो आरोपी ने गेट बंद कर घिनौनी हरकत की। बच्ची के शोर मचाने पर उसका मुंह दबाने लगा। घटना के बाद वह घर से भाग गया।

शाम को महिला घर पहुंची तो मासूम बच्ची सिसक-सिसक कर रो रही थी। काफी देर तक वह शांत नहीं हुई तो महिला ने उससे रोने का कारण पूछा। तब बच्ची ने पेट में दर्द होने के साथ आपबीती बताई। गुस्साई महिला ने पति को हर जगह तलाश किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। उसके बाद फोन से संपर्क किया तो वह भी बंद था। रविवार को वह मासूम बच्ची के साथ कौशांबी थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर पति के खिलाफ मुकदमा कराया।

एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मासूम से घटना होने के बाद दो टीमों को गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। उसकी लोकेशन दिल्ली बॉर्डर के पास की मिली। टीम ने तत्काल उसे मौके पर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी का कहना था कि वह नेपाल भागने के लिए आनंद विहार दिल्ली जा रहा था। उसे गिरफ्तार कर मासूम का मेडिकल कराया गया है।

Exit mobile version