सीएम अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस को लिखा पत्र, दिल्ली सेवा बिल पर साथ देने के लिए जताया आभार

File Photo

दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की 2 करोड़ जनता की तरफ से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को आभार व्यक्त करते हुए पत्र लिखा है। केजरीवाल ने दिल्ली संशोधन बिल के खिलाफ कांग्रेस के सदस्यों को वोटिंग करने के लिए धन्यवाद कहा है।

अरविंद केजरीवाल ने अपने पत्र में लिखा है कि मैं जीएनसीटीडी संशोधन विधेयक 2023 को अस्वीकार करने और उसके खिलाफ मतदान करने में आपकी पार्टी के समर्थन के लिए दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की ओर से आभार व्यक्त करता हूं। मैं, संसद के अंदर और बाहर दिल्ली के लोगों के अधिकारों की वकालत करने के लिए आपकी दिल से सराहना करता हूँ, मुझे भरोसा है कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा दशकों तक याद रखी जाएगी। हम संविधान को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई में आपके निरंतर समर्थन की आशा करते हैं।

केजरीवाल ने मनमोहन सिंह को भी लिखा पत्र
इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को भी पत्र लिखकर कहा, “जीएनसीटीडी (संशोधन) विधेयक, 2023 को खारिज करने और इसके खिलाफ मतदान करने में उनके समर्थन के लिए दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की ओर से आभार व्यक्त करता हूं।”

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (संशोधन) विधेयक, 2023, 7 अगस्त को पारित किया गया था, जो दिल्ली सरकार में अधिकारियों के स्थानांतरण और पोस्टिंग के लिए केंद्र द्वारा प्रख्यापित अध्यादेश की जगह ले लेगा। उच्च सदन ने सोमवार को वह विधेयक पारित कर दिया गया जो दिल्ली के उपराज्यपाल को नियुक्तियों, तबादलों और पोस्टिंग से संबंधित मामलों सहित दिल्ली में समूह ए सेवाओं को नियंत्रित करने का अधिकार देता है। विधेयक को मतविभाजन के बाद पारित किया गया, जिसमें 131 सांसदों ने कानून के पक्ष में और 102 ने इसके खिलाफ मतदान किया।

Exit mobile version