समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर भीषण हादसा, गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 16 लोगों की मौत

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। समृद्धि एक्सप्रेस हाइवे निर्माण के दौरान गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। घायलों को शाहपुर तालुका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को भी अस्पताल ले जाया गया है। बचाव और राहत कार्य जारी है।

टीडीआरएफ के अधिकारियों को बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे नौ इंजीनियर और 18 कर्मचारी गर्डर लॉन्चिंग का काम कर रहे थे। क्रेन के साथ गर्डर लॉन्चर ग्रिडर सभी उनके ऊपर गिर गए। टीडीआरएफ टीम और एनडीआरएफ टीम बचाव अभियान के लिए मौके पर पहुंची। ठाणे आपदा मोचन बल के अधिकारी ने कहा, ”शुरुआत में हमें एक क्रेन के बारे में कॉल मिला, जो कर्मचारी के ऊपर से गिर गई। लेकिन बाद में हमें पता चला कि गर्डर लॉन्चर, ग्रिडर और पूरी संरचना उन पर गिर गई। इसकी जांच चल रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

घटनास्थल पर NDRF टीम मौजूद
ठाणे जिले के शाहपुर तहसील में एक पुल के स्लैब पर क्रेन गिरने के बाद एनडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर काम कर रही हैं। अब तक 16 शव निकाले जा चुके हैं और 3 घायल हुए हैं। एनडीआरएफ ने बताया कि ढहे ढांचे के अंदर अन्य छह लोगों के फंसे होने की आशंका है।

6 महीने में 88 लोगों गंवाई जान
दिसंबर 2022 में उद्घाटन के बाद से अब तक समृद्धि एक्सप्रेस वे पर 616 हादसे हुए हैं। इनमें से 39 हादसे जानलेवा थे, जिनमें 88 लोगों की मौत हुई, जबकि सभी हादसों को मिलाकर 660 लोग घायल हुए हैं। 87 हादसे गंभीर थे, जिनमें 232 लोगों को गंभीर चोटें आईं, 215 सामान्य हादसे थे जिनमें 428 लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि 275 हादसे ऐसे थे जिसमें कोई घायल नहीं हुआ।

701 किमी लंबा एक्सप्रेसवे है समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे
मृद्धि एक्सप्रेस हाईवे डिप्टी CM देवेन्द्र फडणवीस की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसका नाम ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग है। यह हाइवे मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। जो नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे समेत दस जिलों से होकर गुजरता हाइवे का निर्माण कार्य तीन फेज में हो रहा है। दो फेज का काम पूरा हो चुका है। तीसरे फेज का काम ठाणे जिले में चल रहा है।

घटना पर PM नरेंद्र मोदी ने अपना शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “महाराष्ट्र के शाहपुर में हुए दुखद हादसे से मैं दुखी हूं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ उन लोगों के साथ भी हैं जो घायल हैं। NDRF और स्थानीय प्रशासन दुर्घटनास्थल पर काम कर रहे हैं और प्रभावित लोगों को उचित सहायता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। वहीं मृतक के परिवारों को PMNRF से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे तो वहीं घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। “

Exit mobile version