‘प्रियंका की सुंदरता देख आदित्य ठाकरे ने राज्यसभा भेजा’, शिंदे गुट के MLA की टिप्पणी पर बवाल

मुंबई। शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट की प्रियंका चतुर्वेदी पर टिप्पणी पर महाराष्ट्र की सियासत में बवाल मचा हुआ है। उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने खुद पर की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है। हालांकि बाद में संजय ने अपनी टिप्पणी का ठीकरा महाराष्ट्र के नेता चंद्रकांत खाइरे के ऊपर फोड़ा। संजय ने कहा कि खाइरे ने उन्हें एक बार प्रियंका और आदित्य के बारे में बताया था।

संजय शिरसाट ने ठाणे में हिंदी भाषी सभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि आदित्य ठाकरे ने प्रियंका चतुर्वेदी की खूबसूरती देखी और उन्हें सांसद बना दिया। वहीं आदित्य ठाकरे ने कहा कि संजय का दिमाग सड़ चुका है। मुझे नहीं पता ऐसी मानसिकता के लोग राजनीति में कैसे और क्यों हैं? वहीं प्रियंका चतुर्वेदी ने जवाब दिया, कहा- ‘किसी गद्दार को ये बताने की जरूरत नहीं है कि मैं कैसी दिखती हूं और जहां हूं, वहां कैसे पहुंची? वह यहीं नहीं रुकीं, बल्कि यहां तक कह डाला कि उन्हें बिल्कुल भी हैरानी नहीं है कि भाजपा ने शिंदे गुट के इस विधायक को क्यों अपने साथ रखा है।

प्रियंका ने कहा कि संजय शिरसाट राजनीति और महिलाओं पर अपने विचारों में व्यापक बीमारी का एक आदर्श उदाहरण हैं। वह अपनी टिप्पणियों से खुद का चरित्र दिखा रहे हैं। वहीं, शिरसाट ने कहा कि प्रियंका को उन्हें गद्दार कहने का कोई हक नहीं, क्योंकि उन्होंने खुद कांग्रेस छोड़कर शिवसेना ज्वॉइन की है।

प्रियंका ने 2019 में शिवसेना जॉइन की थी
प्रियंका चतुर्वेदी ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद वे उद्धव गुट वाली शिवसेना में शामिल हुईं। प्रियंका कांग्रेस में प्रवक्ता थीं। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर बताया था कि उनके काम को पार्टी में नजरअंदाज किया जा रहा है।

Exit mobile version