‘भारतीय जहां भी जाते हैं ‘मिनी इंडिया’ बना देते हैं’, पेरिस में भारतीयों के बीच बोले पीएम मोदी

पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को फ्रांस के दौरे पर राजधानी पेरिस पहुंचे हैं। मोदी ने पेरिस में गुरुवार रात भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश से दूर जब मैं भारत माता की जय का आह्वान सुनता हूं तो ऐसा लगता है जैसे घर आ गया हूं। हम भारतीय जहां जाते हैं, वहां मिनी इंडिया बना लेते हैं।

पीएम मोदी का संबोधन पेरिस के ला सीन म्यूजिकल में हुआ। पीएम मोदी ने आमंत्रित करने पर फ्रांस के राष्ट्रपति और वहां की जनता का आभार जताया। पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘दुनिया नयी व्यवस्था और नये दौर की ओर बढ़ रही है, भारत की ताकत और भूमिका बहुत तेजी से बदल रही है। लोगों का लोगों से संपर्क भारत-फ्रांस साझेदारी में सबसे मजबूत नींव है। भारत लोकतंत्र की जननी एवं विविधता का मॉडल है; ये हमारी एक बड़ी शक्ति है। दुनिया को यह विश्वास हो गया है कि भारत जल्दी ही पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला देश होगा।’

पीएम मोदी ने भारत-फ्रांस संबंधों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि कल मैं अपने मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ नेशनल डे परेड का हिस्सा बनूंगा। ये आत्मीयता सिर्फ दो देशों के नेताओं के बीच नहीं है बल्कि ये भारत और फ्रांस की अटूट दोस्ती का प्रतिबिंब है। दोनों देशों के लोगों के बीच का कनेक्ट दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी विश्वास, इस साझेदारी का सबसे मज़बूत आधार है। यहां नमस्ते फ्रांस फेस्टिवल होता है तो भारत में लोग बोन्सू इंडिया का आनंद उठाते हैं।

भारत में 100 से ज्यादा बोलियां
पीएम मोदी ने कहा कि भारत मदर आफ डेमोक्रेसी और मॉडल आफ डायवर्सिटी है। पीएम मोदी ने कहा कि हर कुछ दूरी पर भारत में पानी का स्वाद बदल जाता है और बोलियां बदल जाती हैं। 100 से ज्यादा बोलियां हैं। इन बोलियों में हर रोज हजारों न्यूज पेपर छपा करते हैं। इनमें 900 से ज्यादा चैनलों पर विभिन्न भाषाओं में न्यूज ब्रॉडकास्ट होती हैें। मोदी ने अपने संबोधन में तमिल भाषा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के अलग-अलग कोनों में लगभग 100 भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा है। इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है कि दुनिया की सबसे पुरानी तमिल भाषा भारत की भाषा है, भारतीयों की भाषा है। उन्‍होंने याद दिलाया कि कैसे विंबलडन की तरफ से चैंपियन रोजर फेडरर की एक फोटो शेयर की गई थी। इसके कैप्‍शन में लिखा था- थलाइवा। थलाइवा एक तमिल शब्‍द है जिसे भारत में रजनीकांत के लिए प्रयोग किया जाता है।

फ्रांस के लिए शहीद हुए थे भारतीय सैनिक
पीएम ने कहा- मैं 2015 में फ्रांस आया था, तब मैंने यहां हजारों शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी थी। 100 साल पहले ये भारतीय सैनिक अपना कर्तव्य निभाते हुए फ्रांस की धरती पर शहीद हुए थे। तब जिन रेजीमेंट से उन जवानों ने यहां युद्ध में हिस्सा लिया, उन्हीं में से एक पंजाब रेजिमेंट कल यहां नेशनल डे परेड में हिस्सा लेने जा रही है। शहादत को सम्मान देने के लिए फ्रांस का धन्यवाद।

पीएम नरेंद्र मोदी ने संबोधन में भारतीयों से कहा कि आपको अब भारत में निवेश के लिए भी पूरे उत्साह के साथ आगे आना होगा। भारत अगले 25 साल में विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। आप जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हैं, उससे जुड़ी संभावनाओं को भारत में एक्सप्लोर करें। आप भारत में निवेश जरूर करें। बाद में पीएम मोदी ने भारतीयों से कहा कि बाद में मत कहना कि मोदी ने बताया नहीं था। पीएम के इतना कहते ही सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

Exit mobile version