20 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा संसद का मानसून सत्र

नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को संसद के मानसून सत्र की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा।

प्रल्हाद जोशी ने एक ट्वीट में कहा, “संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त 2023 तक चलेगा। सभी दलों से मानसून सत्र के दौरान विधायी कार्य और अन्य विषयों पर सार्थक चर्चा में योगदान देने का आग्रह।” उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि संसद का मॉनसून सत्र 23 दिनों तक चलेगा और इसमें 17 बैठकें होंगी।

माना जा रहा है कि केंद्र सरकार मानसून सत्र में यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल ला सकती है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल इस के विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं। मानसून सत्र के दौरान मोदी सरकार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) अध्यादेश पर विधेयक ला सकती है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी लगातार विरोध कर रही है।

संसद का मानसून सत्र इस बार काफी हंगामेदार होने की संभावना है। मणिपुर हिंसा को लेकर भी सदन में काफी जोरदार बहस देखने को मिल सकती है। कांग्रेस मानसून सत्र को लेकर आज शाम बैठक करने वाली है। जिसमें मोदी सरकार को यूसीसी और मणिपुर हिंसा जैसे मुद्दों पर घेरने की रणनीति तय की जा सकती है।

Exit mobile version