प्रेमिका से मिलने आए युवक की पीट-पीटकर हत्या

गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के वंदना विहार में प्रेमिका से मिलने आये युवक पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ थाने में हत्या का मुकदमा कराया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

संजय अपनी पत्नी और बेटी के साथ पिछले कुछ समय से खोड़ा में किराए पर कमरा लेकर रहता है। संजय और उसकी पत्नी मजदूरी करते हैं। जबकि बेटी 10वीं में पढ़ती है। संजय के साथ उसका भतीजा भी रहता है। संजय की लड़की को मुस्तफाबाद का रहने वाला 23 वर्षीय परवेज नाम का युवक पहले से ही जानता था। परवेज गुरुवार देर शाम संजय की लड़की से मिलने उसके मकान पर पहुंच गया।

पिता ने बेटी और युवक को कमरे में देख लिया था
पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया है कि करीब एक साल पहले लड़की और परवेज की जान पहचान हुई थी। फिर दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई। लोगों का कहना है कि परवेज इससे पहले भी लड़की के घर पर आ चुका है। गुरुवार शाम को भी वह लड़की से मिलने आया था। दोनों कमरे में थे। तभी संजय और उनकी पत्नी घर पहुंचे। दोनों को एक साथ देखकर संजय भड़ गए। उन्होंने लड़के को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उनका भतीजा भी आ गया। तभी बाल काटने का काम करने वाला पड़ोसी किराएदार भी पहुंचा। फिर तीनों मिल कर परवेज को पीटने लगे। पिता ने लोहे की रॉड से परवेज के सिर पर वार किया। जिससे वह गिर गया। इसके बाद रॉड से उसके शरीर पर कई वार किए। इस पूरी घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

DCP (ट्रांस हिंडन) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि 29 जून की रात सूचना मिली कि खोड़ा थाना क्षेत्र के वंदना विहार में एक युवक को चोरी के शक में पीटा गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जब लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि परवेज पहले से लड़की को जानता था। परवेज के परिजनों ने इस मामले में संजय और उनके परिजनों पर हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने संजय सहित तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version