शादी के अगले दिन ही दुल्हन बनी मां, दूल्हे ने संग रखने से किया मना

प्रतीकात्मक चित्र

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज एक दिन बाद ही दुल्हन ने बच्ची को जन्म दे दिया, जिसके चलते दूल्हा और उसका परिवार हैरान हैं। पति ने अपनी पत्नी को साथ रखने से मना कर दिया। मामला कोतवाली तक पहुंच गया। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है।

दनकौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की सोमवार को बुलंदशहर की एक युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद दुल्हन ससुराल आ गई। एक तरफ मुंह दिखाई की रस्म शुरू हुई, वहीं दूसरी तरफ कानाफूसी शुरू हो गई। मंगलवार को दुल्हन को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसके बाद ससुराल वालों ने उसे दनकौर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसे करीब सात महीने की गर्भवती बताया, जिसे सुनकर दूल्हा और ससुराल वाले हैरान हो गए।

कुछ देर बाद ही डिलिवरी भी हो गई, जिसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। मामले की सूचना दुल्हन के मायके वालों को भी दी गई, जिसके बाद वह भी अस्पताल पहुंच गए। युवक और उसके परिवार के लोगों ने दुल्हन को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला कोतवाली पुलिस तक भी पहुंचा।

दूल्हा पक्ष का आरोप है कि जब पांच महीने पहले रिश्ता तय हुआ था, उस वक्त उन्होंने लड़की को देखा भी था, लेकिन उनको मामले की जानकारी नहीं हो पाई। साथ ही दुल्हन पक्ष ने भी उनसे यह बात छिपाई है, जिसके चलते उन्होंने दुल्हन को रखने से मना कर दिया है। इस बात की जानकारी जब दुल्हन पक्ष को हुई तो वह भी काफी लोगों के साथ गांव पहुंच गए। काफी देर तक हुई नोकझोंक के बावजूद भी दूल्हा अपनी दुल्हन को साथ रखने के लिए तैयार नहीं हुआ। बाद में मामला कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

Exit mobile version