रूस में ‘प्राइवेट आर्मी’ की बगावत, राष्ट्रपति पुतिन बोले- गद्दारों को करारा जवाब मिलेगा

पुतिन

मॉस्को। यूक्रेन युद्ध के लिए बुलाए गए पुतिन की ‘प्राईवेट आर्मी’ वैगनर ग्रुप ने रूस के खिलाफ ही विद्रोह छेड़ दिया है। वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने सशस्त्र विद्रोह के साथ रूसी सेना के एक मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है। इधर, पुतिन ने वैगनर ग्रुप की तरफ से जारी कार्रवाई को विश्वासघात बताया है। साथ ही समूह को सजा देने का भी ऐलान कर दिया है।

राष्ट्र के नाम संबोधन में पुतिन ने कहा कि वैगनर समूह द्वारा किया गया “सशस्त्र विद्रोह” देशद्रोह है, और जिसने भी रूसी सेना के खिलाफ हथियार उठाए, उन सब को सजा मिलेगी। टेलीविजन पर आपातकालीन संबोधन के दौरान बोलते हुए, पुतिन ने कहा कि वह रूस की रक्षा के लिए सब कुछ करेंगे, और दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में स्थिति को संभालने के लिए “निर्णायक कार्रवाई” की जाएगी। इस शहर पर वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने कब्जे का दावा किया है। पुतिन ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना “करारा जवाब देगी।” अपने बयान में पुतिन ने स्वीकार किया कि रोस्तोव-ऑन-डॉन में स्थिति “कठिन बनी हुई” है। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि ‘सेना के खिलाफ हथियार उठाने वाला हर कोई गद्दार हैं और मौजूदा “विद्रोह” में भाग लेने वाले सभी लोगों को दंडित किया जाएगा।

क्यों नाराज है वैगनर ग्रुप
जनवरी में प्रिगोझिन ने दोनेत्सक क्षेत्र पर नियंत्रण हासिल करने का दावा किया था। साथ ही पूरा श्रेय भी खुद को दिया था। अब वह आरोप लगा रहे हैं कि रूस का रक्षा मंत्रालय वैगनर के गौरव को छीनना चाहता है। साथ ही वह आरोप लगा रहे हैं कि रूसी सेना ने वैगनर को बाखमुत पर कब्जा करने के लिए पर्याप्त हथियार नहीं दिए और अपने जवानों को वापस बुलाने की धमकी भी दे दी।

क्यों भड़के प्रिगोझिन
प्रिगोझिन ने रूस के रक्षा मंत्री सार्गेई शोगू पर यूक्रेन में वैगनर कैंप पर रॉकेट अटैक के आदेश देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अब वैगनर समूह सशस्त्र बगावत में रक्षा में रक्षा मंत्री को सजा देगा। उन्होंने कहा, ‘यह सैन्य तख्तापलट नहीं है, बल्कि न्याय की यात्रा है।’ हालांकि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने हमले की बात से इनकार किया है। इधर, रूस में वैगनर प्रमुख के खिलाफ जांच की तैयारियां भी की जा रही हैं।

वीडियो में क्या
वायरल वीडियो में प्रिगोझिन लाशों के पास खड़े हैं और रूसी अधिकारियों पर नाराज हो रहे हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में प्रकाशित अंग्रेजी अनुवाद के अनुसार, ‘ये लोग वैगनर के हैं। ये आज मर गए। उनका खून अब भी ताजा है। वे यहां वॉलंटियर के तौर पर आए थे और यहां मर रहे हैं, ताकि तुम अपने लकड़ी के दफ्तरों में आराम से रहो। हमारे पास हथियारों की 70 फीसदी कमी है।’ उन्होंने आरोप लगाए हैं कि वैगनर समूह 9 मई को बाखमुत पर कब्जा करने जा रहा था, लेकिन यह देखते हुए 1 मई को हथियारों की सप्लाई भी रोक ली गई।

क्या है वैगनर
कभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का ‘शेफ’ कहे जाने वाले प्रिगोझिन ने अपने ही देश को चिंता में डाल दिया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हजारों लड़ाकों वाला यह एक निजी सैन्य संगठन है जो रूस के राष्ट्रपति की मदद के लिए मैदान में उतरता है। पूर्व रूसी अधिकारी दिमित्री उतकिन, प्रिगोझिन ने वैगनर ग्रुप की शुरुआत की थी। यह पहली बार साल 2014 में चर्चा में आया था। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस समूह के 50 हजार से ज्यादा सदस्य यूक्रेन में हैं। साथ ही यह यूक्रेन में जारी रूसी अभियान का भी बड़ा हिस्सा है।

Exit mobile version