कुरान पढ़ोगे तो ऑनलाइन गेम में मिलेगी जीत, ब्रेनवॉश कर चार युवकों का कराया धर्मांतरण

गाजियाबाद। जैन परिवार के नाबालिग बेटे के धर्मांतरण में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मस्जिद कमेटी के पूर्व सदस्य अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया है। जो ऑनलाइन गेम जिताने के लिए कुरान की आयतें पढ़वाता था फिर ब्रेनवॉश करके उनका धर्मांतरण कराता था। यह चार नाबालिग लड़कों को इस्लाम कबूल कराने की बात पुलिस जांच में पुष्ट हो चुकी है।

30 मई को राजनगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने थाना कविनगर में धर्मांतरण मामले में FIR दर्ज कराई थी। FIR में संजयनगर सेक्टर-23 की मस्जिद का मौलवी अब्दुल रहमान और दूसरा मुंबई का रहने वाला बद्दो नामक के शख्स का जिक्र था। दोनों पर आरोप है कि वह हिंदू लड़कों का ब्रेनवॉश कर नमाज पढ़वाते थे। इसके बाद पुलिस ने संजयनगर सेक्टर-23 स्थित जामा मस्जिद की कमेटी के सदस्य अब्दुल रहमान उर्फ नन्नी को गिरफ्तार किया ।

DCP निपुण अग्रवाल ने बताया कि मस्जिद का मौलवी अब्दुल रहमान दो लड़कों का धर्मांतरण करा चुका था। इसमें एक जैन और दूसरा हिन्दू नाबालिग लड़का था। जो दूसरा लड़का है, उसके पिता की बचपन में मृत्यु हो चुकी है और मां का कोरोना में निधन हो गया। 12 मई को इस लड़के से लिखवाया जा चुका है कि वो अपनी मर्जी से इस्लाम कुबूल चुका है। मौलवी के मोबाइल से गैर मुस्लिम युवकों को बरगलाकर इस्लाम अपनाने के साक्ष्य भी मिले हैं। अभी तक चार लड़कों के धर्मांतरण की पुष्टि हुई है। जिसमें दो गाजियाबाद, एक फरीदाबाद और एक चंडीगढ़ से है। इन चारों के परिजनों से पुलिस ने संपर्क कर लिया है।

डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शातिरों के झांसे में चार किशोरों के फंसने की बात सामने आई है। फोर्ट नाइट अमेरिकी गेमिंग एप है जिस पर गिरोह किशोरों को जाल में फंसाते हैं। गिरोह के सदस्यों ने गेमिंग व चैटिंग एप पर हिंदुओं के नाम से आईडी बना रखी हैं। जिससे किशोर उन पर शक न करें और आसानी से बातचीत कर ले। गिरोह के तार विदेश से भी जुड़े होने की बात सामने आ रही है। पुलिस इसकी भी जांच में जुटी है।

मुख्य आरोपी बद्दो को पकड़ने ठाणे पहुंची पुलिस
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस गैंग का प्रमुख व्यक्ति बद्दो उर्फ खान शहनवाज मकसूद है। वो महाराष्ट्र में ठाणे का रहने वाला है। गाजियाबाद पुलिस ठाणे में पहुंच गई है। बद्दो की तलाश जारी है। जल्द उसे पकड़कर गाजियाबाद लाया जाएगा। गाजियाबाद के संजयनगर की मस्जिद का मौलवी अब्दुल रहमान भी बद्दो से जुड़ा हुआ था। अब्दुल रहमान को रविवार को ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये कुछ दिनों पहले तक मस्जिद कमेटी का सदस्य भी था।

तीन चरण में फंसाते हैं किशोर
पहले चरण में फोर्ट नाइट एप पर गेम जीतने के लिए कुरान की आयत पढ़ने के लिए उकसाते हैं, जो किशोर आयत पढ़ने के बाद गेम में जीत जाता है, उसे इस्लाम के प्रति विश्वास करने के लिए प्रेरित करते हैं। दूसरे चरण में डिस्कॉर्ड नामक चैटिंग एप पर किशोरों को ग्रुप में जोड़कर उन्हें इस्लाम के रीति-रिवाजों के बारे में जानकारी देते हैं। तीसरे चरण में गिरोह के लोग किशोरों को इस्लामिक प्रवक्ता जाकिर नाइक की वीडियो भेजकर इस्लाम अपनाने के प्रति उनका ब्रेनवॉश करते हैं।

15 सदस्यीय मस्जिद कमेटी जांच के घेरे में
संजयनगर सेक्टर-23 की जामा मस्जिद की 15 सदस्यीय कमेटी जांच के घेरे में है। किशोर के मस्जिद में जाकर नमाज पढ़ने की बात उसके परिजनों को पता चली तो उन्होंने किशोर का समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। मामले की जानकारी मस्जिद कमेटी व अब्दुल रहमान को लगी तो कमेटी ने खुद को फंसता देख पहले तो अब्दुल रहमान को कमेटी से निकाला फिर अब्दुल ने अपने मोबाइल से साक्ष्य मिटाए। ऐसे में मस्जिद कमेटी के अन्य सदस्य भी जांच के घेरे में हैं।

Exit mobile version