गाजियाबाद में डॉक्टर के फ्लैट में घुसा बदमाश, पत्नी-बेटे को मारा हथौड़ा

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में VVIP सोसायटी में लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। एक बदमाश जाली काटकर घर में घुसा। डॉक्टर की पत्नी के शोर मचाने पर उन्हें हथौड़े से मारकर घायल कर दिया। आवाज सुनकर बेटा दौड़ा तो उस पर भी हथौड़े से प्रहार कर दिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को धता बता हुए बदमाश तमाम सुरक्षाकर्मियों के बीच से होकर भाग गया। पुलिस ने बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।

राजनगर एक्सटेंशन में VVIP एड्रेसेज सोसाइटी है। यहां पर डॉक्टर राजेश गुप्ता रहते हैं। डॉक्टर राजेश का कस्बा मोदीनगर में क्लीनिक है। गुरुवार शाम छह बजे के आसपास वे अपने क्लीनिक के लिए निकले थे। फ्लैट में उनकी पत्नी विभा और बेटा विराज मौजूद थे। विराज की भी मोदीनगर में इंजीनियर फर्म है।

राजेश गुप्ता ने बताया कि गुरुवार रात करीब पौने आठ बजे एक बदमाश ने जाली काटकर स्टील के गेट की कुंडी खोल ली और अंदर घुस आया। उसके पास हथौड़ा और कुछ अन्य औजार थे। इस दौरान पत्नी विभा किचन में काम कर रही थीं। तभी युवक किचन में आया। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले बदमाश बोला कि शोर मचाया तो जान से मार दूंगा, लेकिन अचानक बदमाश को सामने देख वह अपनी चीख रोक नहीं पाईं और चिल्लाकर अपने बेटे विराज को बुलाया। इसी बीच बदमाश ने हथौड़ी से विभा के‌ सिर पर दो वार किए और वह गिर गईं। विराज चिल्लाते हुए बाहर निकले तो बदमाश उनकी तरफ आया। वह गेट की ओर दौड़े तो ऊपर से चिटकनी लगी होने के कारण वह खोल नहीं पाए। वह वापस कमरे की ओर दौड़े तो पीछे से उनकी पीठ में हथौड़ी मारकर आरोपित भाग गया।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि वह शाम को छह बजे क्लीनिक के लिए निकले थे। फ्लैट में लकड़ी वाला दरवाजा खुला रहता है और बाहर स्टील के दरवाजे को वह लॉक करके गए थे। बदमाश ब्लॉकनुमा स्टील के दरवाजे में लगी जाली काटकर अंदर से लॉक खोलकर फिर घर के अंदर दाखिल हुआ था।

ACP रवि कुमार सिंह ने बताया, ‘VVIP सोसाइटी में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फ्लैट के दरवाजे की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया गया। फ्लैट में रहने वाली महिला व उनके बेटे को चोट पहुंचाई गयी। इस घटना की सूचना को तत्काल स्थानीय पुलिस एवं PRV द्वारा अटेंड किया गया। घायल महिला व उनके बेटे को तत्काल हॉस्पिटल भेजा गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। शीघ्र घटना का अनावरण किया जायेगा।’

Exit mobile version