ऑनलाइन गेम के बहाने किशोर का धर्म परिवर्तन, मौलवी सहित दो के खिलाफ मुकदमा

गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम के जरिये धर्मांतरण का मामला सामने आया है। किशोर जिम के बहाने रोज पांच वक्त की नमाज पढ़ने जाने लगा। पिता ने मस्जिद के मौलवी समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

राजनगर के रहने वाले किशोर के पिता का कहना है कि उनके 17 वर्षीय बेटे ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। वह पिछले काफी समय से पूरे परिवार के साथ अजीब तरह का व्यवहार कर रहा था। वह रोजाना पांच बजे जिम जाने के लिए निकल जाता था और घंटों बाद वापस आता था। शक होने पर उन्होंने बेटे का पीछा किया तो पता चला कि वह संजय नगर की मस्जिद में नमाज पढ़ने जाता है। उन्होंने बेटे से बात की तो उसने कहा कि वह मन से इस्लाम धर्म को स्वीकार चुका है। इस पर उन्होंने उसके लैपटाप व मोबाइल फोन की जांच की तो इनमें इस्लाम धर्म की काफी सामग्री मिली।

जांच में पता चला कि ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से उनके बेटे की पहचान मुंबई के रहने वाले बद्दो नाम के व्यक्ति से हुई थी। दो साल पहले उसने बद्दो से कंप्यूटर के कुछ पार्ट खरीदे थे और इसके एवज में 20 हजार का भुगतान किया था। तब से ही वह बद्दो के प्रभाव में है। उनका कहना है कि बेटा घंटों तक बद्दो से बात करता है। अन्य नंबरों पर भी उसकी बात होती है। किशोर के पिता का आरोप है कि आरोपितों ने उनके बेटे का मन बदलकर दूसरे धर्म में परिवर्तित कर दिया है और उसका इस्तेमाल देशविरोधी गतिविधियों में किया जा सकता है।

उन्होंने अपने साथ अनहोनी का अंदेशा भी जताया है। उन्होंने बद्दो व संजय नगर सेक्टर-23 स्थित मस्जिद के मौलवी पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कविनगर एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version