डंपिंग ग्राउंड में मिला मानव कंकाल, खोपड़ी सहित 7 हड्डियां बरामद

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के डंपिंग ग्राउंड में सोमवार देर शाम मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मानव शरीर के छह अंगों की हड्डियां मिली हैं। इसमें सिर, हाथ, पैर व धड़ का हिस्सा है।

सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों ने घूकना के डंपिंग ग्राउंड में मानव शरीर का कंकाल पड़ा हुआ देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। कंकाल महिला का है या पुरुष का, इस बारे में पता नहीं चल सका है। पुलिस ने खोपड़ी को कब्जे में ले लिया। शरीर के बाकी अंगों के लिए खोजबीन की। पुलिस ने बताया कि कूड़े के ढेर से एक खोपड़ी, दो हाथ, दो पैर सहित कुल सात हड्डियां मिली हैं। ये अस्थियां पूरी तरह सूख चुकी थीं। ऐसा लग रहा था जैसे काफी पुरानी हों। एसएचओ सचिन मलिक ने बताया कि मानव हड्डियों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इसके पीछे कई प्रकार के अंदेशे जताए जा रहे हैं। एक अंदेशा जताया जा रहा है कि कंकाल काे कहीं से लाकर यहां फेंका गया है। इसके साथ ही हत्या की आशंका भी जताई गई है। साथ ही अंदेशा है कि टोना-टोटका के लिए कंकाल को लाया गया और यहां फेंका गया।

एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी मिल सकेगी और कंकाल का डीएनए भी संरक्षित कराया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version